हरियाणा में नगर निकाय चुनावों की घोषणा के साथ ही उकलाना नगरपालिका में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। हरियाणा चुनाव आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार उकलाना नगरपालिका के चेयरपर्सन और 16 वार्ड पार्षदों के लिए 10 मई को मतदान होगा। जबकि 13 मई को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। इस चुनाव को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां चरम पर पहुंच चुकी हैं और संभावित प्रत्याशी अपनी-अपनी तैयारियों में जुट गए हैं। चुनाव कार्यक्रम के तहत 21 अप्रैल से 25 अप्रैल तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। 27 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच 27 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 28 अप्रैल को दोपहर तक नाम वापसी का अवसर रहेगा। इसके बाद शेष उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे, जिससे चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी। नगरपालिका का कार्यकाल जनवरी में समाप्त उल्लेखनीय है कि उकलाना नगरपालिका का कार्यकाल जनवरी 2026 में समाप्त हो चुका है और यह इसका तीसरा चुनाव है। इस बार मतदाताओं की संख्या में भी वृद्धि दर्ज की गई है। पहले जहां कुल मतदाता लगभग 14,700 थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर करीब 15,500 हो गई है। नए परिसीमन के चलते वार्डों की संख्या बढ़ी मतदाताओं की बढ़ती संख्या और नए परिसीमन के चलते वार्डों की संख्या भी 13 से बढ़ाकर 16 कर दी गई है। चुनाव आयोग द्वारा नगर क्षेत्र में कुल 16 मतदान केंद्र (बूथ) बनाए गए हैं, जहां सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। इन बूथों पर सुरक्षा और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे। भाजपा में टिकट को लेकर घमासान भारतीय जनता पार्टी में चेयरपर्सन पद के टिकट को लेकर इस बार कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं हरियाणा वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के पूर्व चेयरमैन श्रीनिवास गोयल अपनी बहू निकिता गोयल के लिए टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। भाजपा के अंदर टिकट को लेकर खींचतान वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र नारंग ने अपनी बहू मनु नारंग के लिए आवेदन किया है। इसके अलावा भारत विकास परिषद से जुड़े अशोक गर्ग भी अपनी बहू पायल गर्ग के लिए टिकट की मांग कर रहे हैं। ऐसे में भाजपा के अंदर टिकट को लेकर खींचतान तेज हो गई है। निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में भाजपा के अलावा निर्दलीय उम्मीदवार भी इस चुनाव को रोचक बना रहे हैं। महेंद्र सोनी की बेटी रीमा सोनी, शेर सिंह बतरा की बेटी डॉ. सोनिया बतरा समेत कई अन्य चेहरे चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में हैं। इन उम्मीदवारों के मैदान में आने से मुकाबला बहुकोणीय होने की संभावना है।
दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर उकलाना नगरपालिका का यह चुनाव केवल स्थानीय निकाय का चुनाव नहीं, बल्कि कई राजनीतिक और सामाजिक दिग्गजों की प्रतिष्ठा से भी जुड़ा हुआ है। अलग-अलग गुटों और परिवारों की साख इस चुनाव में दांव पर लगी हुई है, जिसके चलते चुनावी मुकाबला बेहद दिलचस्प और कांटे का होने की संभावना है। 10 मई को वोटिंग कुल मिलाकर, उकलाना नगरपालिका चुनाव इस बार कई मायनों में खास रहने वाला है। बढ़े हुए वार्ड, ज्यादा मतदाता, नए चेहरे और दिग्गजों की दावेदारी—ये सभी कारक इस चुनाव को बेहद रोमांचक बना रहे हैं। अब देखना यह होगा कि 10 मई को मतदाता किसे अपना समर्थन देते हैं और किसके सिर जीत का ताज सजता है।


