राजकोट. सुरेंद्रनगर जिले में लखतर-विरमगाम हाईवे पर भास्करपरा गांव के पास रविवार मध्यरात्रि बाद करीब डेढ़ बजे तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से 7 पदयात्रियों की मौत हो गई जिनमें 5 महिलाएं शामिल हैं। वहीं तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में एक ही परिवार के चार सदस्य के अलावा डंपर चालक भी शामिल है।
दसाडा के विधायक परषोत्तम परमार ने बताया कि राजकोट के भावनगर हाईवे पर स्थित गढ़का गांव से भरवाड़ समाज सहित करीब 500 पैदल यात्री मेहसाणा जिले में बहुचराजी के मेरा गांव स्थित तटेश्वर महादेव मंदिर जा रहे थे। रविवार मध्यरात्रि बाद करीब डेढ़ बजे ये लोग भास्करपरा गांव के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने पदयात्रियों को टक्कर मार दी। यह पदयात्री विरमगाम में राजबाई माता की ध्वजा चढ़ाकर मेरा गांव स्थित महादेव मंदिर में कथा के लिए जा रहे थे।
मृतकों के एक परिजन वनराज मुंधवा ने बताया कि इस हादसे में उनके बड़े ताऊ, ताई, बुआ और भाभी समेत 4 सदस्यों की मौत हो गई। ये सभी रविवार दोपहर बाद 3 बजे घर से निकले थे। घटना के बाद परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, पदयात्री सुरेंद्रनगर जिले की लखतर तहसील के छारद गांव होते हुए विठ्ठलगढ़ की ओर बढ़ रहे थे। इस दौरान भास्करपरा गांव के पास सड़क पर एक डंपर का टायर पंचर हो गया, उसका चालक टायर बदल रहा था। पैदल यात्री खड़े डंपर के पास से गुजर रहे थे, तभी पीछे से तेज गति से आए एक ट्रक ने पदयात्रियों और टायर बदल रहे चालक को कुचल दिया।
मृतकों की सूची
हादसे के मृतकों में राजकोट जिले के खारसिया गांव के मसाभाई मुंधवा (59) व उनकी पत्नी जालुबेन मसाभाई मुंधवा (57), डुंंगरपुर गांव की जालुबेन वेलाभाई मुंधवा (45), राजकोट में आरटीओ के पास रहने वालीं रानीबेन मंगाभाई लोबरिया (45) और सुरेंद्रनगर जिले के शियाणी गांव का डंपर चालक जयदीप सापरा भी शामिल हैं।
विधायक, महंत पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही सुरेंद्रनगर जिले के गेडिया धाम के महंत लालदास बापू और दसाडा के विधायक परषोत्तम परमार तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों ने भरवाड़-मुंधवा समाज के मृतकों परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी।
ट्रक चालक गिरफ्तार
हादसे की सूचना मिलते ही सुरेंद्रनगर डिवीजन की सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) वेदिका बिहानी टीम के साथ मौके पर पहुंची। मौके से मृतकों के शव और घायलों को पास के अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद वहां से घायलों को राजकोट रेफर किया गया। पुलिस ने हादसे के जिम्मेदार डंपर चालक आदित्य गोकनिया को गिरफ्तार किया।
पीएम मोदी ने दु:ख व्यक्त किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा कि गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में हुआ हादसा अत्यंत दुखद है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण हादसा : सीएम
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि सुरेंद्रनगर में लखतर-वीरमगाम हाईवे पर हुआ हादसा अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। मैं परम कृपालु परमात्मा से हादसे में जान गंवाने वाले राहगीरों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।
गहरा आघात लगा : संघवी
राज्य के उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने शोक व्यक्त करते हुए एक्स पर लिखा कि सुरेंद्रनगर के लखतर-वीरमगाम हाईवे पर हुए हादसे की खबर सुनकर गहरा आघात लगा। हादसे में जान गंवाने वाले निर्दोष पदयात्रियों की आत्मा को भगवान शांति प्रदान करें, मृतकों के परिजनों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति दें और घायलों को शीघ्र स्वस्थ होने का आशीर्वाद मिले-ऐसी प्रभु से प्रार्थना।


