झालावाड़ में मास्टर कॉलोनी स्थित हनुमानजी मंदिर परिसर में रविवार शाम सर्वब्राह्मण समाज के सभी घटकों की एक बैठक हुई। यह बैठक भगवान परशुराम प्राकट्य महोत्सव मनाने को लेकर हुई।
इसमें महोत्सव को हर्षोल्लास के साथ मनाने का निर्णय लिया गया और आयोजन की जिम्मेदारियां समाज के पदाधिकारियों को सौंपी गईं। इस दौरान परशुराम जयंती पत्रक का विमोचन भी किया गया। बैठक में प्रमोद शर्मा ने कहा कि सभी समाजबंधु एकजुट होकर भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम का प्राकट्य महोत्सव भव्यता के साथ मनाएंगे। उन्होंने सभी ब्राह्मण बंधुओं से कार्यक्रम को सफल बनाने का आग्रह किया। सुरेशचंद शुक्ला, श्रीलाल गौतम, राजेंद्र जोशी, निरंजन शर्मा, ललित शर्मा, पद्म शर्मा, बालकृष्ण दुबे और प्रवीण व्यास ने भी अपने विचार रखे। बैठक के अंत में सहसंयोजक बजरंग शर्मा और सन्नी शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया। 19 को निकलेगी शोभायात्रा
आयोजन के सहसंयोजक अजय शर्मा ने बताया कि भगवान परशुराम प्राकट्य महोत्सव की शोभायात्रा 19 अप्रैल को निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा राधारमण मांगलिक भवन से शुरू होकर अनंग कुमार स्मृति भवन, मोटर गैराज, सीमेंट रोड, बड़ा बाजार, नक्कार खाना गेट, एस.बी.आई बैंक, पुराना टेम्पो स्टैंड और गर्ल्स स्कूल होते हुए मंगलपुरा चौराहा पहुंचेगी। महाआरती में उमड़ेंगे लोग
इसके बाद यह घंटाघर चौराहा, पुराना पोस्ट ऑफिस, पंचमुखी बालाजी, बस स्टैंड, पोस्ट ऑफिस और सुभाष सर्किल से होते हुए गोविंद भवन पर समाप्त होगी। गोविंद भवन में समाज बंधुओं का संबोधन और चरण पूजन का कार्यक्रम होगा। इसके उपरांत महाआरती की जाएगी और भोजन प्रसादी का आयोजन होगा। शहर भर में सभी ब्राह्मण बंधुओं के घरों तक पीले चावल, पत्रक और निमंत्रण पत्र पहुंचाने के लिए एक समिति का गठन भी किया गया है। बैठक में विश्वास जोशी, अनिल त्रिगुणायत, भवानीशंकर शर्मा, त्रिभुवनेश गौतम, बालगोविंद शर्मा, मनोज कुमार शर्मा, नकुलदत्त, रामेश्वरदयाल शर्मा, अवधेश शर्मा, बजरंग शर्मा, आर्यन शर्मा, सुशांक शर्मा, यश श्रृंगी, के.एम. शर्मा और प्रेम तिवारी सहित कई समाज बंधु उपस्थित रहे।


