हनुमानगढ़ में IPL के दौरान क्रिकेट सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस ने अपनी सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में जंक्शन थाना पुलिस ने रविवार रात को कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
आरोपियों में वार्ड 60, सुरेशिया निवासी राकेश कुमार (35) और वार्ड 14, हनुमानगढ़ जंक्शन निवासी राजेश दुगड़ (55) शामिल है। पुलिस ने मौके से 33,350 रुपए नकद और लाखों रुपए के सट्टे का हिसाब-किताब बरामद किया। कार्रवाई के दौरान ASI प्रदुमन के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने रोडवेज डिपो के पास भट्टा बस्ती क्षेत्र में दबिश दी। यहीं से आरोपी राकेश कुमार और राजेश दुगड़ को सट्टा पर्ची और नकदी के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी क्रिकेट मैचों पर सट्टा लगवा रहे थे और मौके पर ही उसका हिसाब-किताब भी लिख रहे थे। दोनों के खिलाफ जुआ-सट्टा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। लगातार दूसरे दिन हुई कार्रवाई
गौरतलब है कि इस कार्रवाई से ठीक 1 दिन पहले टाउन थाना पुलिस ने भी क्रिकेट सट्टेबाजी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की थी। उस दौरान 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर 13 लाख रुपए से अधिक की नकदी, मोबाइल, लैपटॉप और सट्टे का रिकॉर्ड बरामद किया गया था। लगातार दो दिनों में हुई इन कार्रवाइयों से सट्टा कारोबार में सक्रिय लोगों में हड़कंप मच गया है।


