सोनभद्र पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी के दो अलग-अलग मामलों में तत्काल कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को कुल ₹39,199 रुपये वापस कराए हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। पहला मामला पिपरी थाना क्षेत्र का है, जहां राजकुमार पुत्र शिवशंकर, निवासी शिवा पार्क, रेनूकूट के साथ अज्ञात साइबर अपराधी ने धोखाधड़ी की थी। पिपरी की साइबर टीम ने तत्काल बैंक से समन्वय स्थापित कर ₹26,999 रुपये की धोखाधड़ी वाली राशि को होल्ड कराया। निर्धारित प्रक्रिया के बाद यह पूरी धनराशि आवेदक के मूल खाते में सफलतापूर्वक वापस कर दी गई। दूसरा मामला बभनी थाना क्षेत्र से संबंधित है। आवेदक प्रमोद कुमार पुत्र शिवकुमार, निवासी ग्राम परसाटोला ने अपनी गलती से ₹12,200 रुपये किसी अन्य खाते में स्थानांतरित कर दिए थे। उन्होंने इसकी शिकायत NCRP पोर्टल पर दर्ज कराई थी। बभनी की साइबर टीम ने आवश्यक साक्ष्य जुटाकर संबंधित बैंकों से संपर्क किया और धनराशि को होल्ड कराया। यह राशि भी निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद आवेदक के खाते में वापस कर दी गई। धनराशि वापस मिलने पर दोनों आवेदकों ने पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक और संबंधित थाना व साइबर टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।


