Amitabh Bachchan On Asha Bhosle Death News: भारतीय संगीत जगत के लिए रविवार का दिन बेहद भावुक कर देने वाला साबित हुआ, जब सदाबहार आवाज की मालकिन आशा भोसले ने 92 वर्ष की आयु में दुनिया को अलविदा कह दिया। सात दशक से अधिक लंबे करियर में अपनी गायकी से करोड़ों दिलों पर राज करने वाली इस महान कलाकार के निधन की पुष्टि उनके बेटे आनंद भोसले ने मीडिया से बातचीत के दौरान की। इसी बीच सदी के महानायक अमिताभ बच्चन का एक पोस्ट तेजी से वायरल होने लगा। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।
अमिताभ बच्चन का पोस्ट हुआ वायरल
दरअसल आशा भोसले के निधन से एक दिन पहले बिग बी ने एक्स पर एक पोस्ट किया था। उन्होंने पोस्ट करते हुए लिखा- ‘कुछ कहने को नहीं है।’ बिग बी का ये पोस्ट अब तेजी से वायरल हो रहा है। आशा भोसले के निधन पर फिलहाल अमिताभ बच्चन ने कुछ नहीं बोला है, लेकिन इस पोस्ट पर लोगों ने जरूर कमेंट करते हुए उनसे आशा जी पर कुछ कहने के लिए कहा।
हालांकि बहुत सारे लोगों ने बिग बी पर तंज कसते हुए कहा कि साल 2014 के बाद से ही उनकी आवाज चली गई है। वो काफी मुद्दों पर अब चुपचाप ही रहते हैं।
अस्पताल में इलाज के दौरान ली अंतिम सांस (Asha Bhosle Funeral)
जानकारी के मुताबिक आशा भोसले को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद ब्रीच कैंडी अस्तपाल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन स्वास्थ्य स्थिति लगातार गंभीर बनी रही। आखिरकार मल्टीपल ऑर्गन फेल्योर के कारण उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर सामने आते ही देशभर के कलाकारों और प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि देना शुरू कर दिया।
आशा भोसले का करियर
आशा भोसले उन चुनिंदा कलाकारों में शामिल थीं जिन्होंने अपने करियर में हजारों गीत गाकर संगीत की दुनिया में अमिट पहचान बनाई। उन्होंने हिंदी के अलावा कई भारतीय और विदेशी भाषाओं में गीत रिकॉर्ड किए और हर दौर के संगीत प्रेमियों को अपनी आवाज़ से जोड़े रखा। उनकी आवाज की विविधता और प्रयोगधर्मिता ने उन्हें बाकी गायिकाओं से अलग पहचान दिलाई।


