Lucknow Super Giants vs Gujarat Titans, IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 19वां मुकाबला लखनऊ सुपर जाएंट्स (LSG) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच खेला जा रहा है। लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में लखनऊ ने गुजरात को 165 रन का लक्ष्य दिया है।
प्रसिद्ध कृष्णा की घटक गेंदबाजी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ सुपर जाएंट्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 164 रन बनाए। गुजरात के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा की घटक गेंदबाजी के सामने लखनऊ के बल्लेबाजों ने घुटने टेक दिये। एडेन मार्करम और मिचेल मार्श की जोड़ी 1.3 ओवरों में महज 14 रन की साझेदारी कर सकी। मार्श 4 गेंदों में 1 छक्के और 1 चौके के साथ 11 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद मार्करम ने कप्तान ऋषभ पंत के साथ दूसरे विकेट के लिए 16 गेंदों में 31 रन जुटाकर टीम को संभालने की कोशिश की। पंत ने 18 रनों का योगदान टीम के खाते में दिया।
लखनऊ की पारी लड़खड़ाई
लखनऊ की टीम 45 के स्कोर तक अपने 2 विकेट खो चुकी थी, जिसके बाद मार्करम ने आयुष बडोनी के साथ तीसरे विकेट के लिए 17 गेंदों में 24 रन जुटाए। मार्करम 21 गेंदों में 6 बाउंड्री के साथ 30 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि आयुष बडोनी ने 9 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। लखनऊ सुपर जायंट्स ने 74 के स्कोर तक अपने 4 विकेट खो दिए थे। यहां से निकोलस पूरन ने अब्दुल समद के साथ पांचवें विकेट के लिए 35 रन जुटाकर टीम को शतक के पार पहुंचाया। इस बीच पूरन ने 21 गेंदों में 19 रन जुटाए।
अशोक शर्मा ने भी झटके दो विकेट
इन खिलाड़ियों के अलावा, अब्दुल समद और मुकुल चौधरी 18-18 रन बनाकर पवेलियन लौटे। जॉर्ज लिंडे ने टीम के खाते में 16 रन का योगदान दिया। इनके अलावा, मोहम्मद शमी ने 5 गेंदों में 1 छक्के और 1 चौके के साथ नाबाद 12 रन बनाए। विपक्षी खेमे से प्रसिद्ध कृष्णा ने 28 रन देकर 4 विकेट हासिल किए, जबकि अशोक शर्मा ने 2 विकेट निकाले। मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।


