महाराष्ट्र में ट्रेन लूट की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में सिग्नल सिस्टम से छेड़छाड़ कर कोल्हापुर-मुंबई सह्याद्री एक्सप्रेस को बीच रास्ते रोक दिया और यात्रियों से लूटपाट की।
आधी रात को वारदात, सिग्नल खराब कर रुकवाई ट्रेन
यह घटना शुक्रवार-शनिवार आधी रात के बाद सातारा जिले के कराड तालुका स्थित शेणोली स्टेशन के पास हुई। पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने पहले रेलवे सिग्नल सिस्टम को निशाना बनाया। उन्होंने सिग्नल की ऊपरी वायर काट दी, जबकि निचले सिग्नल पर मोटा कपड़ा बांध दिया, जिससे सिग्नल काम करना बंद हो गया।
सिग्नल न मिलने पर किसी तकनीकी खराबी की आशंका में मोटरमैन ने ट्रेन रोक दी और यही मौका देखकर बदमाश ट्रेन में चढ़ गए।
20-25 मिनट में यात्रियों से लूटे कीमती सामान
ट्रेन रुकते ही बदमाशों ने दरवाजों और खिड़कियों के पास बैठे यात्रियों को निशाना बनाया। करीब 20 से 25 मिनट के भीतर पैसे, मोबाइल फोन, सोने के आभूषण समेत अन्य कीमती सामान लूट लिया।
यात्रियों को भनक लगते ही मची अफरा-तफरी
घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर सिग्नल से बंधा कपड़ा हटाया और सिस्टम को दोबारा चालू किया। इसके बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया।
शनिवार तड़के करीब पौने तीन बजे के आसपास जब ट्रेन कराड स्टेशन पहुंची, तब यात्रियों ने रेलवे पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।
पुलिस जांच तेज, डॉग स्क्वाड तैनात
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और लोहमार्ग पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस टीमों को मौके पर भेजा गया, लेकिन तब तक चोर भाग चुके थे।
उपनिरीक्षक सुभाष मुंडे के अनुसार, यह पूरी वारदात सिग्नल के साथ छेड़छाड़ कर सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई। आरोपियों की तलाश के लिए पुणे, सोलापुर और मिरज से तीन डॉग स्क्वॉड बुलाए गए हैं और पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
इस घटना के बाद रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। चलती ट्रेन को इस तरह रोककर लूटपाट की घटना ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है।


