Rajasthan : सीएम भजन लाल शर्मा ने महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती पर बांदीकुई में शनिवार को आयोजित समारोह में माली समाज को साधने का प्रयास किया। सीएम भजनलाल ने प्रत्येक जिले में एक राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल को महात्मा ज्योतिबा फुले आदर्श स्कूल बनाया जाएगा। प्रदेश के प्रत्येक ब्लॉक में युवाओं को प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए सावित्री बाई फुले ई-लाइब्रेरी खोली जाएगी।
बिजली-पानी की आपूर्ति हुई सुनिश्चित, युवाओं को मिल रहा रोजगार
सीएम भजनलाल ने कहा कि हमारी सरकार ने प्रदेश में बिजली, पानी एवं रोजगार का रोडमैप बनाया। इसके तहत राम जल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, इंदिरा गांधी नहर एवं गंगनहर का सुदृढ़ीकरण, देवास परियोजना का विस्तार, सोम-कमला-अंबा एवं ब्राह्मणी नदी से संबंधित परियोजनाओं को साकार करने का काम कर रहे हैं। साथ ही, 24 जिलों में किसानों को दिन में बिजली दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जेजेएम घोटाले ने हर घर नल से जल जैसी महत्वपूर्ण योजना को कमजोर बनाया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त व्यक्तियों के विरूद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
सीएम भजनलाल ने कहा कि गत सरकार में पेपरलीक ने युवाओं के सपनों पर कुठाराघात किया। लेकिन हमारी सरकार ने इसमें लिप्त लोगों को जेल की सलाखों के पीछे भेजने का काम किया है। इसी का परिणाम है कि हमारे कार्यकाल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है। अब तक युवाओं को 1.25 लाख से अधिक सरकारी पदों पर नियुक्तियां दी गई हैं। इसी प्रकार 1.35 लाख से अधिक पदों पर भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं। वहीं, 1.25 लाख से अधिक पदों पर भर्तियों का कैलेण्डर जारी किया है।
विधायक ने किया साष्टांग प्रणाम, मुख्यमंत्री तो भगवान हैं…
मुख्यमंत्री भजनलाल के सम्बोधन से पहले विधायक भागचंद टांकड़ा ने क्षेत्र की मांग रखते हुए कहा कि आगरा फाटक पर ओवरब्रिज का बजट बढ़ाया जाए, रेहड़िया बांध को ईआरसीपी से जोड़ा जाए। इसके बाद मुख्यमंत्री ने घोषणा की तो विधायक ने साष्टांग होकर प्रणाम किया और कहा कि मुख्यमंत्री उनके लिए तो भगवान हैं।
सीएम भजनलाल ने पिछली सरकार पर साधा निशाना
सीएम भजनलाल ने अपने करीब 32 मिनट के सम्बोधन में उन्होंने पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने कई साल देश में राज किया, लेकिन कांग्रेस कभी भी महात्मा ज्योतिबा फुले द्वारा बताए गए सिद्धांत पर नहीं चली।
अशोक गहलोत को बताया ट्वीटर मास्टर
मुख्यमंत्री भजनलाल ने कहा जब जनता परेशानी में थी, तब पिछली सरकार होटलों में सैर सपाटा कर रही थी। कांग्रेस के नेता कुर्सी के लिए लड़ रहे थे। अब अशोक गहलोत ट्वीटर मास्टर बने हुए हैं। कांग्रेस वाले कहते हैं कि मुख्यमंत्री दिल्ली जाते हैं, लेकिन मैं दिल्ली जाता हूं तो विकास कार्यों की सौगात लेकर आता हूं। कांग्रेस वाले कुर्सी बचाने दिल्ली जाते थे। अब जयपुर में 41 किलोमीटर लंबा मेट्रो का दूसरा फेज शुरू होगा।


