Rajasthan Infra: 10 साल बाद नए ROB पर दौड़ने लगे वाहन, CM भजनलाल बोले- अब आगरा फाटक बनेगा ओवरब्रिज

Rajasthan Infra: 10 साल बाद नए ROB पर दौड़ने लगे वाहन, CM भजनलाल बोले- अब आगरा फाटक बनेगा ओवरब्रिज

Dausa News: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजस्थान के दौसा जिले में 607.66 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। साथ ही बांदीकुई क्षेत्र के लिए कई बड़ी घोषणाएं की। धौली गुमटी ओवरब्रिज के लोकार्पण के साथ ही अब नए ROB पर वाहन दौड़ने लगे है। इसके साथ ही 10 साल का लंबा इंतजार भी खत्म हो गया है। इस मौके पर सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि बांदीकुई में अब आगरा फाटक पर ओवरब्रिज बनेगा।

इससे पहले विधायक भागचंद टांकड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा उनके लिए भगवान हैं। टांकड़ा ने क्षेत्र की मांग रखते हुए कहा कि आगरा फाटक पर ओवरब्रिज का बजट बढ़ाया जाए। जिस पर सीएम ने विधायक की तारीफ करते हुए कहा कि तुम्हारा विधायक बहुत चतुर है। मुझसे मिलने के लिए कहता है। जब मिलता है तो मात्र पांच मिनट के लिए और फिर देता है विकास कार्यों की लंबी चौड़ी लिस्ट। हमेशा बांदीकुई के विकास की सोचता है। आपका विधायक सच्चा जननायक है।

धौली गुमटी आरओबी शुरू

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को बांदीकुई में धौली गुमटी ओवरब्रिज लोकार्पण किया। बता दें कि केंद्र व राज्य सरकार की ओर से बांदीकुई में साल 2015-16 में ओवरब्रिज स्वीकृत हुआ था, लेकिन धौली गुमटी ओवरब्रिज का काम पूरा होने में 10 साल लग गए। विधायक भागचंद टांकड़ा ने मुख्यमंत्री एवं उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी से मिलकर ओवरब्रिज को चालू कराने का प्रयास किया और अब विधायक की मेहनत रंग लाई। 35 करोड़ की लागत से तैयार 980 मीटर लंबे ओवरब्रिज पर अब जनता के लिए खोल दिया है। लोकार्पण से पहले ओवरब्रिज को रोशनी एवं पताकाओं से सजाया गया था।

आगरा फाटक पर बनेगा ओवरब्रिज

महात्मा ज्योतिबा फुले के 200वें जयंती समारोह को संबोधित करते हुए सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि बांदीकुई क्षेत्र के विकास के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। अब आगरा फाटक पर आरओबी का निर्माण किया जाएगा। बता दें कि बांदीकुई में आगरा फाटक पर बनने वाले 1600 मीटर लंबे ओवरब्रिज के लिए रेलवे से भी मंजूरी मिल गई है। ओवरब्रिज करीब 60 करोड़ रुपए की लागत से तैयार होगा। ओवरब्रिज बनने के बाद शहरवासियों को आगरा फाटक पर लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *