फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद क्षेत्र में सफाई कर्मियों और दुकानदारों के बीच पैसों को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। नीबकरोरी मंदिर के पास शुरू हुआ यह विवाद पुलिस चौकी तक पहुंच गया, जहां दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। नीबकरोरी मंदिर के बाहर लगने वाले बाजार में सफाई कर्मचारी प्रतिदिन दुकानदारों से झाड़ू लगाने के नाम पर 10-10 रुपये लेते थे। शनिवार को सफाई कर्मियों ने यह राशि बढ़ाकर 50 रुपये कर दी, जिसका कुछ दुकानदारों ने विरोध किया। 50 रुपये मांगने पर दुकानदारों ने आपत्ति जताई तो उनके साथ मारपीट की गई और उनका सामान भी बिखेर दिया गया। एक ज्वेलर्स की दुकान पर भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद ज्वेलर्स ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों पक्षों को पुलिस चौकी आने को कहा। जब दोनों पक्ष चौकी पर पहुंचे, तो वहां कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। इसी दौरान दोनों पक्षों में फिर से विवाद बढ़ गया और जमकर लाठी-डंडे चले। चौकी के पास हुई इस मारपीट का वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है। नीबकरोरी निवासी छविनाथ के बेटे करन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी मोमोज की दुकान है। उन्होंने सफाई कर्मियों द्वारा अधिक पैसे मांगने पर मना किया, जिसके बाद सफाई कर्मियों ने उनकी दुकान के आगे कूड़ा डालना शुरू कर दिया। दोपहर करीब तीन बजे सफाई कर्मियों ने अपने परिजनों के साथ उनकी दुकान पर हमला कर दिया, तोड़फोड़ की और छविनाथ, उनके भाई व बहन को पीटकर घायल कर दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि यह मारपीट का मामला है। कहा कि तहरीर मिली है और मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।


