अजमेर में एक महिला के साथ शादी का झांसा देकर रेप करने और ब्लैकमेल कर पैसे व ज्वेलरी हड़पने का मामला सामने आया है। आरोपी ने महिला को नशीला पदार्थ पिलाकर होटल में जबरदस्ती संबंध बनाए और उसका वीडियो बनाकर लगातार धमकाते हुए रकम ऐंठता रहा। कोर्ट के आदेश पर दरगाह थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रेप, धोखाधड़ी, ब्लैकमेलिंग और अमानत में खयानत सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया पुलिस के अनुसार- पीड़िता ने शिकायत में बताया कि आरोपी उसके पति का परिचित था। पति की मौत के बाद आरोपी ने सहानुभूति जताते हुए उससे संपर्क बढ़ाया और शादी का झांसा देकर अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। एक दिन होटल में बुलाकर पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया और बेहोशी की हालत में रेप किया। इसके बाद आरोपी ने शादी का झांसा देकर दोबारा शारीरिक संबंध बनाए। आरोपी ने उसका वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और शादी के नाम पर पैसे मांगने लगा। डर के कारण अलग-अलग तारीखों में आरोपी को कई बार रुपए ट्रांसफर किए। इसके अलावा सोने-चांदी के जेवर भी ले गया, जिन्हें अब तक वापस नहीं किया। जब आरोपी को शादी के लिए कहा तो वह मुकर गया और वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


