यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल शनिवार सुबह प्रयागराज पहुंच गईं। सुबह करीब 11:15 बजे उनका हेलीकॉप्टर डीपीएस हेलीपैड पर उतरा। इसके बाद वह रज्जू भैया विश्वविद्यालय के लिए रवाना हो गई हैं। उनका आज का यह दौरा शैक्षणिक, वैज्ञानिक और सामाजिक संस्थानों से जुड़ा हुआ है, जिसमें वे विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होकर छात्र-छात्राओं व बालिकाओं से संवाद करेंगी।
सुबह आगमन और पहला कार्यक्रम
प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) विश्वविद्यालय में राज्यपाल एक विशेष कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगी। इस दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन और छात्र-छात्राओं से भी उनका संवाद प्रस्तावित है।
रिसर्च संस्थान में सहभागिता
इसके बाद राज्यपाल झूंसी स्थित हरीश चंद्र रिसर्च इंस्टीट्यूट पहुंचेंगी। यहां वे वैज्ञानिक गतिविधियों और अनुसंधान कार्यों की जानकारी लेंगी और संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। इस दौरान शोधकर्ताओं के साथ उनकी बैठक भी संभावित है।
बालिका गृह का निरीक्षण
अपने दौरे के अगले चरण में राज्यपाल राजकीय बालिका गृह, खुल्दाबाद का निरीक्षण करेंगी। यहां वे बालिकाओं के रहन-सहन, शिक्षा और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेंगी तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे सकती हैं। वह बालिकाओं के साथ लंच भी करेंगी।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में भागीदारी
इसके बाद राज्यपाल इलाहाबाद म्यूजियम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी। यहां सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों से जुड़े कार्यक्रमों में उनकी भागीदारी प्रस्तावित है। अपराह्न 04:15 बजे प्रयागराज से लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगी।
प्रशासनिक तैयारियां पूरी
राज्यपाल के इस दौरे को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। शाम को पुलिस लाइन में जिले भर की फोर्स की ब्रीफिंग भी की गई। पुलिस व प्रशासनिक अफसर रूट चेकिंग समेत अन्य इंतजाम में देर रात तक लगे रहे।


