मस्जिद में पेट्रोल बम फेंका;तीन युवक सीसीटीवी में दिखे:मस्जिद में खड़ी बाइक और गेट पर लगी आग; सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश

मस्जिद में पेट्रोल बम फेंका;तीन युवक सीसीटीवी में दिखे:मस्जिद में खड़ी बाइक और गेट पर लगी आग; सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश

अलवर शहर के रोड नंबर दो स्थित मेव बोर्डिंग मस्जिद के गेट पर गुरुवार देर रात करीब 1:30 बजे बाइक सवार युवकों द्वारा पेट्रोल बम फेंकने की घटना सामने आई है। पेट्रोल बम मस्जिद परिसर में खड़ी एक बाइक के पास गिरा, जिससे बाइक के बैग और मस्जिद के गेट में आग लग गई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। देखे घटना से जुड़े PHOTOS… घटना के दौरान तैनात गार्ड ने शोर मचाया, जिस पर मस्जिद में मौजूद छात्र व नमाजी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार, शेर मोहम्मद की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि मस्जिद में समाज के छात्र व नमाजी निवास करते हैं।पुलिस द्वारा खंगाले गए सीसीटीवी फुटेज में एक बाइक पर सवार तीन युवक नजर आए हैं। फुटेज के अनुसार, आरोपी ट्रांसफार्मर के पास रुकते हैं, किसी ज्वलनशील वस्तु को जलाकर मस्जिद परिसर में फेंकते हैं और मौके से फरार हो जाते हैं। शिकायत में प्रवीण गुर्जर निवासी अशोका टॉकीज, अमरजीत उर्फ नोनू और हरविंदर सहित अन्य युवकों के नाम सामने आए हैं। आरोप है कि प्रवीण ने पेट्रोल बम फेंका, अमरजीत ने आग लगाई, जबकि हरविंदर बाइक चला रहा था। इनके साथ चिराग शर्मा, लोकी बना, सचिन व अन्य 4-5 लोग भी शामिल बताए गए हैं। बीते 48 घंटे में सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की यह दूसरी घटना मानी जा रही है। इससे एक दिन पहले अग्रसेन पुलिया के पास गाय का कटा सिर और पैर मिलने से भी तनाव की स्थिति बनी थी, जिस पर विभिन्न संगठनों ने विरोध जताया था। घटना की सूचना पर सिटी सीओ अंगद शर्मा और कोतवाली थाना इंचार्ज रमेश सैनी ने मौके का मुआयना कर लोगों से जानकारी जुटाई। पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि मामले में दो आरोपियों को डिटेन कर पूछताछ की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तरह की हरकत कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *