टॉप 6 से भी बाहर है ये टीम, फिर भी प्लेऑफ में पहुंचने की मानी जा रही है प्रबल दावेदार, जानें वजह

टॉप 6 से भी बाहर है ये टीम, फिर भी प्लेऑफ में पहुंचने की मानी जा रही है प्रबल दावेदार, जानें वजह

IPL 2026 Playoffs Race: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में अब तक 15 मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिसमें से कई टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया है, तो कुछ टीमों को अभी भी खाता खोलना बाकी है। टॉप चार टीमों की बात की जाए तो राजस्थान रॉयल्स, पंजाब किंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स प्लेऑफ की रेस में आगे चल रही हैं। वहीं बॉटम-4 में गुजरात टाइटंस, मुंबई इंडियंस, कोलकाता नाइट राइडर्स और चेन्नई सुपर किंग्स शामिल हैं।

8वें स्थान पर है मुंबई इंडियंस

हालांकि, बॉटम-4 में से एक टीम ऐसी है जो अभी भी प्लेऑफ की प्रबल दावेदार मानी जा रही है। टॉप-6 से बाहर होने के बावजूद मुंबई इंडियंस को प्लेऑफ का दावेदार बताया जा रहा है। इसकी वजह सिर्फ टीम की ताकत नहीं, बल्कि उनका इतिहास भी है।

अब तक तीन में से सिर्फ एक मैच जीतने वाली मुंबई इंडियंस आठवें स्थान पर है और उनका नेट रन रेट -0.715 है। मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ पहले मुकाबले में जीत के साथ सीजन का आगाज किया था, लेकिन दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ लगातार दो मैच हार गई। अब 12 अप्रैल को उनका मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा, जहां वे जीत की पटरी पर लौटना चाहेगी।

मुंबई इंडियंस का इतिहास रहा है कि उनका आईपीएल सीजन का पहला हाफ ज्यादा अच्छा नहीं रहता, लेकिन दूसरे हाफ में टीम शानदार वापसी करती है और प्लेऑफ में पहुंच जाती है। आईपीएल इतिहास में ऐसा कई बार हो चुका है। मुंबई इंडियंस ने IPL 2014 में इसका बड़ा उदाहरण पेश किया था, जब शुरुआती 5 मैच हारने के बावजूद आखिरी 9 में से 7 मैच जीतकर टीम ने प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई किया था।

IPL 2025 में भी MI ने दोहराया था इतिहास

इसी तरह IPL 2015 में भी मुंबई की शुरुआत खराब रही थी और टीम शुरुआती 5 में से 4 मैच हार गई थी। लेकिन बाद में शानदार वापसी करते हुए आखिरी 8 में से 7 मैच जीतकर टीम प्लेऑफ में पहुंची और अंत में चैंपियन भी बनी। IPL 2025 में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला, जहां पहले 5 में से 4 मैच हारने के बाद टीम ने जोरदार वापसी करते हुए प्लेऑफ में जगह बनाई। यही वजह है कि आठवें स्थान पर होने के बावजूद मुंबई इंडियंस को प्लेऑफ की प्रबल दावेदार माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *