मोगा पुलिस ने लूटपाट की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मुहिम के तहत सफलता हासिल की है। थाना महेना पुलिस ने एक लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। थाना मिहना के प्रभारी ने बताया कि 8 अप्रैल को अंग्रेज सिंह निवासी गांव तखाणवद्ध ने शिकायत दर्ज कराई थी। अंग्रेज सिंह मोगा से अपने गांव लौट रहे थे, तभी रास्ते में तीन युवकों ने मोटरसाइकिल रोककर उन्हें तेजधार हथियार से डराया। आरोपियों ने उनकी जेब से सैमसंग मोबाइल फोन और 2,000 रुपये छीनकर फरार हो गए। मामले में पुलिस ने तुरंत केस दर्ज किया पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज किया। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साधनों की मदद से गुरविंदर सिंह उर्फ बिट्टू और बोहड़ सिंह निवासी घोलिया खुर्द को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से छीना गया सैमसंग मोबाइल फोन, 1000 रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल किया गया खंडा (हथियार) और हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। उनसे अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ की जाएगी। पुलिस तीसरे फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है और उसे जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया है।


