उमरिया जिला मुख्यालय की जीवनदायिनी उमडार नदी को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। नदी किनारे किए गए अवैध कब्जों को बुलडोजर चलाकर हटाया गया। यह कार्रवाई लंबे समय से मिल रही शिकायतों और प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान के निर्देश के बाद अमल में लाई गई। प्रशासन की टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाया। एक जगह बड़े क्षेत्र में मिट्टी डालकर कब्जा करने की तैयारी थी, जबकि दूसरी जगह बाउंड्री बनाकर जमीन घेर ली गई थी। दोनों ही स्थानों पर अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए। कार्रवाई के दौरान एसडीएम अंबिकेश सिंह, तहसीलदार सहित राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही। अतिक्रमण हटाने के बाद मौके पर “शासकीय भूमि आरक्षित” के बोर्ड लगा दिए गए। प्रशासन की इस सख्ती से अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मच गया है। अन्य कब्जाधारियों में भी डर का माहौल है। नदी किनारे हुई इस कार्रवाई की चर्चा पूरे जिले में हो रही है। आम लोगों द्वारा इसे प्रशासन की सराहनीय पहल बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे न केवल नदी का संरक्षण होगा, बल्कि भविष्य में अतिक्रमण पर भी रोक लगेगी। कार्रवाई के दौरान कोई भी अतिक्रमणकर्ता सामने नहीं आया। कार्रवाई की अन्य तस्वीरें…


