शेखावाटी समाचार: अतिरिक्त पुलिस जाप्ता बुलाकर खुलवाया वर्षों से बंद रास्ता, लोगों ने ली राहत की सांस

शेखावाटी समाचार: अतिरिक्त पुलिस जाप्ता बुलाकर खुलवाया वर्षों से बंद रास्ता, लोगों ने ली राहत की सांस

Jhunjhunu News: किठाना गांव में लंबे समय से बंद पड़े सार्वजनिक रास्ते को खुलवाने पहुंची प्रशासनिक टीम को हल्के विरोध के बीच कार्रवाई करनी पड़ी। इस दौरान एक खेत में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया, जिसके बाद फायर ब्रिगेड और अतिरिक्त पुलिस जाप्ता बुलाकर रास्ता खुलवाया गया।

सुलताना गिरदावर राकेश बुगालिया ने बताया कि चिड़ावा तहसीलदार रामकुमार पूनिया के आदेश पर ग्राम किठाना में पदमपुरा रोड स्थित खसरा संख्या 189/2008 राजस्व रिकॉर्ड में गैर मुमकिन रास्ते के रूप में दर्ज है। वर्षों से अतिक्रमण होने के कारण आमजन का आवागमन बाधित हो रहा था और ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही थी।

गुरुवार को प्रशासन ने इस रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई के दौरान एक युवक ने जेसीबी के सामने आकर विरोध जताया, जिसे समझाइश के बाद शांत कराया गया।

आगजनी की घटना से प्रशासन में मचा हड़कंप

fire news
Photo- patrika

कार्रवाई के दौरान पास के खेत में अचानक धुआं उठता देख प्रशासन में हड़कंप मच गया। तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। बड़ी गाड़ी खेत में नहीं पहुंच सकी, तो पहले मिट्टी व लकड़ियों से आग बुझाने का प्रयास किया गया। बाद में छोटी फायर ब्रिगेड गाड़ी ने अंदर जाकर आग पर काबू पाया।

पुलिस जाप्ता बढ़ाकर खुलवाया रास्ता

घटना के बाद सुलताना थाना से एएसआई राजेश जांगिड़ व चनाना चौकी प्रभारी हवासिंह अतिरिक्त जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। सुरक्षा बढ़ाते हुए प्रशासन ने कार्रवाई पूरी कर रास्ता आमजन के लिए खोल दिया।

राजस्व विभाग एवं पुलिस जाप्ता रहा मौजूद

रास्ता खुलवाते समय सुलताना गिरदावर राकेश बुगालिया, किठाना पटवारी मनजीत, सुलताना पटवारी संजू कुमारी, किशोरपुरा पटवारी अजय किराड, बनाना चौकी प्रभारी हवासिंह, हेड कांस्टेबल सत्यवीर सहित पुलिस जाप्ता मौजूद रहा। चिड़ावा नगरपालिका से फायरकर्मी नरेश राव, अरविंद दहिया, शक्ति फोगाट, सुरेश शेखावत, विक्रम, अनिल, पप्पू सिंह और पवन ने आग पर काबू पाने में सहयोग किया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *