Rajasthan: गोवंश के अवशेष मिलने पर देर रात हंगामा, हिंदू संगठनों ने दी अलवर बंद की चेतावनी, बुलानी पड़ी कई थानों की पुलिस

Rajasthan: गोवंश के अवशेष मिलने पर देर रात हंगामा, हिंदू संगठनों ने दी अलवर बंद की चेतावनी, बुलानी पड़ी कई थानों की पुलिस

अलवर। अग्रसेन पुलिया के समीप गुरुवार देर रात उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब गोवंश का कटा हुआ सिर और पैर मिला। लोगों में आक्रोश फैल गया। मौके पर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता एकत्रित हो गए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम कर धरने पर बैठ गए।

रात करीब 8.30 बजे एक दुकानदार को पुलिया के समीप गोवंश का कटा हुआ सिर पड़ा दिखाई दिया, जिसे कुत्ते इधर-उधर खींच रहे थे। आगे बढ़ने पर उसे गोवंश के पैर भी अलग-अलग स्थानों पर पड़े मिले। इस घटना की सूचना आसपास के लोगों को दी गई, जिसके बाद मामला तेजी से फैल गया। रात के समय एक महिला गाय को रोटी देने के लिए पुलिया के समीप आई, तो उसने भी गोवंश के अवशेष देखे। उसने अन्य लोगों को सूचना दी।

सूचना मिलते ही विश्व हिंदू परिषद, गोरक्षा दल, बजरंग दल सहित अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने अवशेषों को अपने कब्जे में लेकर नारेबाजी शुरू कर दी और धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ कर विरोध दर्ज कराया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सीओ सिटी सहित कई थानों के एसएचओ पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे। बाद में एएसपी ग्रामीण प्रियंका रघुवंशी भी घटनास्थल पर पहुंचीं और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया।

Alwar protest

पुलिस ने मौके पर लगातार निगरानी बनाए रखी। इस दौरान विहिप के जिलाध्यक्ष रामदयाल मीणा, जिला मंत्री विजेन्द्र खंडेलवाल, प्रेमसिंह राजावत, गुल्लू सोनी, सिद्धार्थ शर्मा, गोरक्षा दल के जिलाध्यक्ष रामदयाल, ब्रहममुनी महाराज सहित बड़ी संख्या में हिंदू संगठनों से लोग मौजूद रहे।

24 घंटे में आरोपी नहीं पकड़े तो अलवर बंद

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस-प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है और कहा है कि यदि 24 घंटे में आरोपी नहीं पकड़े तो अलवर बंद कराएंगे। इसके अलावा प्रदर्शनकारियों ने कहा कि
शुक्रवार को मृत गोवंश के अवशेष का पोस्टमार्टम कराने के बाद पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने मस्जिद के समीप खुली अवैध दुकानों को भी बंद कराने की मांग की है।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य एकत्रित किए। अवशेषों की जांच के लिए नमूने लिए गए। घटनास्थल की फोटोग्राफी भी कराई गई। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिया के आसपास बने ढाबों पर नियमित रूप से गोवंश काटे जाने की गतिविधियां होती हैं।

उर्स को देखते हुए सुरक्षा बढ़ाई

घटनास्थल के समीप दाउदपुर मदरसे में सालाना उर्स चल रहा था। इसे देखते हुए पुलिस ने एहतियातन मदरसे की ओर जाने वाले मार्ग पर भी अतिरिक्त जवान तैनात किए, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *