Arichal Munai Dhanushkodi Travel Guide: अगर आप उन लोगों में से हैं जिन्हें लॉन्ग ड्राइव पर जाना पसंद है, खुले आसमान के नीचे चारों तरफ पानी हो और ठंडी हवाएं चल रही हों, तो हमारी आज की यह स्टोरी आपके लिए ही है। आज के इस लेख में हम एक ऐसी जगह के बारे में बताने जा रहे हैं जहां बंगाल की खाड़ी और हिंद महासागर मिलते हैं। यह जगह घूमने फिरने वालों के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है। आपको जानकर हैरानी होगी कि इस जगह को भारत की आखिरी सड़क कहा जाता है। यहां का अनुभव ऐसा है जिसे शब्दों में बताना मुश्किल है। सोचिए, एक पतली सी सड़क है और उसके दोनों तरफ दूर-दूर तक बस गहरा नीला समंदर। यह जगह सिर्फ घूमने के लिए नहीं, बल्कि कुदरत के उस कमाल को महसूस करने के लिए है जहां जमीन खत्म हो जाती है। आइए जानते हैं इस जगह के बारे में विस्तार से कि यह जगह कहां है और आप यहां कैसे पहुंच सकते हैं।
दो महासागरों का अनोखा संगम
अरिचल मुनाई तमिलनाडु के रामेश्वरम आइलैंड के आखिरी छोर पर स्थित भारत का अंतिम सड़क पॉइंट है। धनुष की नोक के नाम से मशहूर यह जगह वही पॉइंट है जहां बंगाल की खाड़ी और हिंद महासागर का मिलन होता है। रामायण की कहानियों के मुताबिक, यह राम सेतु की शुरुआती जगह भी है। यहां का नजारा बेहद दिलचस्प है क्योंकि एक तरफ पानी बिलकुल शांत रहता है, तो दूसरी तरफ लहरें इतनी ऊंची उठती हैं कि सीधा सड़क पर आकर गिरती हैं। जब आप इस 11 किलोमीटर लंबी सड़क पर चलते हैं, तो ऐसा लगता है जैसे आप समंदर के ऊपर तैर रहे हों। लहरों का सड़क से टकराना और हवाओं का चेहरे पर लगना आपके सफर को एक एडवेंचर ट्रिप में बदल देता है।
भारत को श्रीलंका से जोड़ती पत्थरों की चेन
यह जगह सिर्फ अपनी खूबसूरती के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी खास पहचान के लिए भी जानी जाती है। अरिचल मुनाई वही जगह है जहां से पुराना राम सेतु जिसे लोग एडम्स ब्रिज भी कहते हैं उसकी शुरुआत होती है। लगभग 48 किलोमीटर लंबी यह पत्थरों की चेन भारत के पम्बन आइलैंड को श्रीलंका के मन्नार आइलैंड से जोड़ती है।
ट्रैवलर्स के लिए जरूरी जानकारी
यहां पहुंचने के लिए सबसे पहले आपको ट्रेन या बस से रामेश्वरम पहुंचना होगा। वहां से आप ऑटो, टैक्सी या अपनी बाइक किराए पर लेकर धनुषकोडी और फिर अरिचल मुनाई जा सकते हैं। बता दें, यहां जाने के लिए अक्टूबर से मार्च का महीना सबसे अच्छा है क्योंकि इस दौरान मौसम काफी बढ़िया रहता है। ध्यान दें, अरिचल मुनाई जाने वाली सड़क शाम 5 से 6 बजे के बाद बंद कर दी जाती है, इसलिए कोशिश करें कि अपनी ट्रिप सुबह 8 से दोपहर 3 बजे के बीच ही प्लान करें। इसके अलावा यहां पीने के पानी और खाने की दुकानें बहुत कम हैं, इसलिए अपना पानी और थोड़ा नाश्ता साथ रखें। साथ ही धूप से बचाव के लिए क्रीम और चश्मा जरूर ले जाएं। इस जगह की एक खास बात यह है कि यहां मोबाइल नेटवर्क कभी-कभी श्रीलंका का इंटरनेशनल रोमिंग दिखाने लगता है, इसलिए अपने फोन की नेटवर्क सेटिंग्स का ध्यान रखें।


