चित्रकूट में नाबालिग ने मृत बच्चे को दिया जन्म:सौतेले पिता पर दुष्कर्म और गर्भपात कराने का आरोप

चित्रकूट में नाबालिग ने मृत बच्चे को दिया जन्म:सौतेले पिता पर दुष्कर्म और गर्भपात कराने का आरोप

चित्रकूट में एक नाबालिग किशोरी ने अपने सौतेले पिता पर दुष्कर्म और गर्भपात कराने का गंभीर आरोप लगाया है। किशोरी गुरुवार दोपहर मऊ थाने अपनी एक सहेली के साथ मृत बच्चे को लेकर पहुंची, जिसे देखकर पुलिसकर्मी चौंक गए। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह फूलपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी है। उसके पिता का चार साल पहले निधन हो गया था, जिसके बाद उसकी मां ने दूसरी शादी कर ली थी। लगभग दो साल पहले उसकी मां का भी निधन हो गया। इसके बाद उसके सौतेले पिता की नीयत उस पर खराब हो गई। किशोरी के अनुसार, सौतेले पिता ने कई बार धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। एक बार गर्भ ठहरने पर उसे दवा खिलाकर गर्भपात भी करा दिया गया था। इस बार जब वह फिर से गर्भवती हुई, तो वह वहां से भागकर अपने एक रिश्तेदार के घर चली गई। रिश्तेदार के घर पर बुधवार को उसने एक मृत बच्चे को जन्म दिया। सौतेले पिता से बचने और उसे सजा दिलाने के उद्देश्य से वह मृत बच्चे को लेकर गुरुवार सुबह मऊ कस्बे में रहने वाली अपनी एक सहेली के घर पहुंची। पूरी आपबीती बताने के बाद दोनों सहेलियां थाने पहुंचीं। थाना प्रभारी श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी सौतेले पिता के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पूरा मामला विवेचना के लिए फूलपुर थाने में स्थानांतरित कर दिया गया है। मृत बच्चे का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *