फतेहाबाद जिले के दीपांशु ने पहले ही प्रयास में नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) में सफलता हासिल की है। रतिया के गांव तामसपुरा के निवासी दीपांशु ने यह उपलब्धि कठिन पारिवारिक परिस्थितियों के बावजूद प्राप्त की है। दीपांशु ने हाल ही में 12वीं कक्षा की परीक्षा दी है, जिसका परिणाम अभी आना बाकी है। उन्होंने बताया कि NDA की परीक्षा 12वीं स्तर पर आधारित होती है, जिसके लिए उन्होंने 11वीं कक्षा से ही तैयारी शुरू कर दी थी। वे प्रतिदिन लगभग 6 घंटे पढ़ाई करते थे और अपनी अधिकांश तैयारी ऑनलाइन माध्यम, विशेषकर यूट्यूब के जरिए करते थे। जनवरी 2026 में हुआ था इंटरव्यू दीपांशु ने 9वीं कक्षा में ही NDA में शामिल होने का लक्ष्य निर्धारित कर लिया था। उनकी रुचि समय के साथ और मजबूत होती गई। NDA की लिखित परीक्षा सितंबर 2025 में आयोजित हुई थी, जिसके बाद जनवरी 2026 में उनका इंटरव्यू विशाखापत्तनम में हुआ। उनकी जॉयनिंग जुलाई में पुणे स्थित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी में होने की संभावना है। वर्तमान में दीपांशु की उम्र लगभग साढ़े 18 वर्ष है। उनके पिता भरत सिंह का निधन करीब 10 वर्ष पहले हो गया था। इसके बाद उनकी माता ममता रानी ने उन्हें पालन-पोषण और शिक्षा का पूरा खर्च उठाया। परिवार की आय का मुख्य स्रोत उनकी माता की पेंशन और लगभग 4 एकड़ जमीन का ठेका है। मां-दादी और टीचरों को दिया सफलता का श्रेय दीपांशु ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी माता ममता रानी, दादी प्रेम देवी और स्कूल के शिक्षकों को दिया। उन्होंने बताया कि कठिन समय में उनकी मां ने उनका हौसला बढ़ाया, जबकि शिक्षकों ने उन्हें हर कदम पर मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान किया। अपनी तैयारी के दौरान, दीपांशु अपने मामा के घर भूना में रहे। वहीं रहकर उन्होंने पूरी लगन और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य को प्राप्त किया। रतिया के गांव तामसपुरा निवासी दीपांशु की इस उपलब्धि से क्षेत्र में उत्साह है। उनकी सफलता को युवाओं के लिए एक प्रेरणा के रूप में देखा जा रहा है।


