आर्सेनल की टीम ने आखिरकार यूरोप में एक अहम जीत जरूर हासिल कर ली, लेकिन प्रदर्शन ने कई सवाल भी खड़े कर दिए। बता दें कि यूईएफए चैंपियंस लीग के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में आर्सेनल ने पुर्तगाल की टीम स्पोर्टिंग लिस्बन को 1-0 से हराया।मौजूद जानकारी के अनुसार, यह मुकाबला लिस्बन में खेला गया जहां स्पोर्टिंग ने उम्मीद से कहीं बेहतर प्रदर्शन किया और इंग्लिश क्लब को कड़ी टक्कर दी। मैच के दौरान स्पोर्टिंग ने गोल पर ज्यादा हमले किए, जिससे साफ दिखा कि आर्सेनल को जीत के बावजूद संघर्ष करना पड़ा।गौरतलब है कि मैच का एकमात्र गोल अंतिम समय में काई हावर्ट्ज ने किया, जिसने टीम को बढ़त दिलाई और मुकाबला अपने नाम करने में मदद की। हालांकि, इससे पहले आर्सेनल की टीम कई मौकों को भुनाने में नाकाम रही और अंतिम पास में कमी साफ नजर आई।अगर हालिया प्रदर्शन पर नजर डालें तो आर्सेनल की स्थिति थोड़ी चिंताजनक भी दिख रही है। टीम को हाल ही में मैनचेस्टर सिटी के खिलाफ लीग कप फाइनल में हार मिली, वहीं एफए कप में भी साउथैम्प्टन जैसी टीम से बाहर होना पड़ा हैं। ऐसे में यह जीत जरूर राहत देती है, लेकिन टीम की लय पर सवाल बने हुए हैं।बता दें कि कोच मिकेल आर्टेटा पर भी दबाव बढ़ता दिख रहा है। मौजूद जानकारी के अनुसार, क्लब प्रबंधन के कुछ सदस्य उनकी भावनात्मक शैली और दबाव वाले मौकों पर उनकी तीव्रता को लेकर चिंतित बताए जा रहे हैं। हालांकि आर्टेटा ने खिलाड़ियों का बचाव करते हुए कहा कि टीम ने पूरे सीजन शानदार प्रदर्शन किया है और एक-दो हार से उनकी क्षमता पर सवाल नहीं उठाए जा सकते हैं।वहीं, टीम के गोलकीपर डेविड राया ने भी भरोसा जताया कि टीम इस मुश्किल दौर से उबर सकती है और बड़ी ट्रॉफी जीतने की क्षमता रखती है।गौरतलब है कि आर्सेनल इस समय इंग्लिश लीग में शीर्ष पर बनी हुई है और खिताब जीतने की दौड़ में मजबूत स्थिति में है, लेकिन पिछले कई वर्षों से ट्रॉफी से दूर रहने के कारण टीम पर दबाव लगातार बढ़ रहा है।अब सबकी नजर अगले मुकाबले पर रहेगी, जहां लंदन में होने वाले दूसरे चरण में आर्सेनल को अपने प्रदर्शन में सुधार दिखाना होगा, ताकि वह सेमीफाइनल में जगह पक्की कर सके और खिताब की उम्मीद को जिंदा रख सके।
Hindi News – News in Hindi – Latest News in Hindi | Prabhasakshi


