Hardik Pandya praised Vaibhav Sooryavanshi: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) में राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के बीच मैच से पहले हर तरफ बस इसी बात की चर्चा थी कि 15 साल के वैभव सूर्यवंशी पहली बार जसप्रीत बुमराह का सामना कैसे करेंगे? पिछले लगभग एक साल में वैभव ने सामने आए हर गेंदबाज़ की जमकर धुनाई की है। उम्मीद थी कि बुमराह का सामना करना एक बिल्कुल अलग चुनौती होगी। जैसे ही गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में मैच शुरू हुआ, सूर्यवंशी ने पूरी दुनिया को दिखा दिया कि वह किसी भी तेज गेंदबाज के सामने पीछे हटने वाले नहीं हैं। फिर चाहे वह बुमराह जैसा दिग्गज ही क्यों न हो।
बुमराह की पहली गेंद पर ही जड़ा छक्का
सूर्यवंशी ने जसप्रीत बुमराह की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ दिया। बुमराह ने बिल्कुल स्लॉट में गेंद डाली थी, जिसे इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने मिड-ऑन बाउंड्री के ऊपर से उठाकर छक्के के लिए भेज दिया। कुछ गेंदों बाद बुमराह ने शॉर्ट गेंद फेंकी तो सूर्यवंशी ने पीछे हटकर एक और छक्का जड़ दिया। हालांकि वह क्रीज पर सिर्फ 14 गेंदों तक ही टिक सके, लेकिन अपने इस छोटे से समय में उन्होंने मैदान पर जबरदस्त तहलका मचाते हुए 39 रन ठोक डाले।
मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या सूर्यवंशी के खेल से बेहद प्रभावित नजर आए। जब राजस्थान रॉयल्स ने 27 रनों से आसान जीत दर्ज कर ली, तो दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने एक-दूसरे से हाथ मिलाकर शिष्टाचार निभाया और ठीक उसी समय कैमरों में पंड्या और सूर्यवंशी के बीच हुई एक बेहद प्यारी बातचीत कैद हो गई।
बार-बार थपथपाया
भारत के इस अनुभवी ऑलराउंडर ने जैसे ही सूर्यवंशी से हाथ मिलाने के लिए अपना हाथ बढ़ाया, वह एक पल के लिए रुक गए और वैभव इस पल को देखकर अभिभूत नजर आए। इसके बाद हार्दिक ने सूर्यवंशी को बार-बार थपथपाया, जो उनके खेल के प्रति हार्दिक के समर्थन का प्रतीक था।
भविष्य के लिए उसे ढेर सारी शुभकामनाएं- पंड्या
हार्दिक यहीं नहीं रुके उन्होंने इस युवा खिलाड़ी की जमकर तारीफ भी की। पंड्या ने कहा कि यह देखना काफी दिलचस्प है कि 15 साल का लड़का, जिस तरह से खेला, वह कमाल का था। मैच की तैयारी के दौरान उसके बारे में इतनी ज्यादा चर्चा हुई। वह जिस तरह से वह बल्लेबाज करता है, जिस तरह की निडरता उसमें है, जिस तरह के शॉट्स वह खेलता है, वह देखना अद्भुत है। मैं उसके भविष्य के लिए उसे ढेर सारी शुभकामनाएं देता हूं।
एक नजर मैच पर
राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के बीच मैच की बात करें तो बारिश से प्रभावित मैच में पहले बल्लेबाजी करने के लिए कहे जाने पर राजस्थान ने 11 ओवरों में 150/3 का स्कोर बनाया। यशस्वी जायसवाल 77 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि सूर्यवंशी ने 39 रन बनाए। मुंबई 123/9 के स्कोर पर सिमट गई और 27 रनों से पीछे रह गई।


