अमेरिका में व्हाइट हाउस के पास रविवार सुबह गोलीबारी की घटना हुई है। लाफायेट पार्क के पास गोलीबारी की खबरों के बाद तुरंत कार्यवाई करते हुए अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने व्हाइट हाउस के पास सुरक्षा बढ़ा दी है।
इसी तरह, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का आधिकारिक अब छावनी में तब्दील हो गया है। गोलीबारी की घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। फिलहाल, यह भी पता नहीं चल पाया है कि इस घटना को किसने अंजाम दिया है।
आधी रात के बाद हुई फायरिंग
यूनाइटेड स्टेट्स सीक्रेट सर्विस ने बताया कि व्हाइट हाउस के ठीक उत्तर में स्थित लाफायेट पार्क के आसपास गोली चलने की खबरों के बाद, आधी रात के कुछ ही समय बाद अधिकारियों को मौके पर भेजा गया।
एजेंसी ने एक बयान में कहा- पार्क और आसपास के इलाके की पूरी तरह तलाशी ली गई, पर कोई संदिग्ध नहीं मिला। किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
संदिग्ध के बारे में सूचना देने का आग्रह
सीक्रेट सर्विस के संचार प्रमुख एंथनी गुग्लिएल्मी ने कहा- हम डीसी पुलिस विभाग और अमेरिकी पार्क पुलिस के साथ मिलकर लाफायेट पार्क इलाके में रात में हुई गोलीबारी की जांच कर रहे हैं। जिसके पास भी कोई जानकारी हो, उससे डीसी पुलिस से संपर्क करने का आग्रह किया जाता है।
पुलिस को एक वाहन और एक गाड़ी की तलाश
अधिकारियों ने बताया कि सीक्रेट सर्विस का यूनिफॉर्म्ड डिवीजन, मेट्रोपॉलिटन पुलिस विभाग और अमेरिकी पार्क पुलिस के साथ मिलकर, सक्रिय रूप से एक संभावित वाहन और एक संदिग्ध व्यक्ति की तलाश कर रहा है। जांच अभी भी जारी है।
शुरुआती खबरों के मुताबिक, यह घटना रात करीब 1 बजे हुई, जिसके बाद कई कानून प्रवर्तन एजेंसियां इलाके में पहुंचीं और व्हाइट हाउस के उत्तर की सड़कों को सुरक्षित कर लिया।
स्थानीय मीडिया की खबरों में कहा गया है कि अधिकारी रात में व्हाइट हाउस के पास गोलीबारी की खबरों के बाद एक संदिग्ध व्यक्ति की तलाश कर रहे हैं।
कामकाज में कोई बाधा नहीं
राष्ट्रपति के आवास के इतने करीब होने के बावजूद, अधिकारियों ने कहा कि व्हाइट हाउस के कामकाज में कोई रुकावट नहीं आई। सीक्रेट सर्विस ने कहा- व्हाइट हाउस में कामकाज सामान्य रूप से चल रहा है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके की कई सड़कें बंद कर दी गईं, जिनमें एच स्ट्रीट NW, आई स्ट्रीट NW, और 16वीं स्ट्रीट NW के कुछ हिस्से शामिल हैं, क्योंकि अधिकारियों ने लाफायेट पार्क के चारों ओर सुरक्षा घेरा बना रखा है।
पत्रकारों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात हैं। अधिकारी चमकती रोशनी के साथ घटनास्थल का जायजा ले रहे हैं।


