Triple murder in Maharashtra: महाराष्ट्र के नांदेड़ में आधी रात को दो गैंग ने जमकर उत्पात मचाया। दोनों गैंग की इस कदर भिंड़त हुई कि तीन लोगों की जान चली गई। बताया जा रहा है कि दोनों गैंग के बीच वर्चस्व की लड़ाई के लिए खूनी खेल खेला गया। वहीं, इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह खूनी वारदात शुक्रवार रात करीब 2 बजे डी-मार्ट परिसर के पास स्थित कैनॉल रोड पर हुई। पुरानी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई में ‘साई लाला गैंग’ और ‘सदा गैंग’ के सदस्य आपस में भिड़ गए, जिसमें तीन युवकों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। दोनों गुटों के सदस्य घातक हथियारों, तलवारों और खंजरों के साथ आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते सड़क पर चीख-पुकार मच गई और दोनों ओर से ताबड़तोड़ हमले शुरू हो गए। जो लोग उस वक्त वहां से गुजर रहे थे, वे अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
कौन थे मरने वाले?
गैंगवार की इस भीषण झड़प में तीन लोगों की मौत हो गई, जिनके बारे में पुलिस रिकॉर्ड में पहले से आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने की बात सामने आई है। मारे गए लोगों में अर्जित सिंह चव्हाण, जो ‘सदा गैंग’ का सदस्य था, और सैय्यद अवेज, जो ‘साई लाला गैंग’ से जुड़ा था, दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मोहम्मद अरबाज गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
वर्चस्व की लड़ाई और पुरानी रंजिश
पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह हमला अचानक नहीं था, बल्कि लंबे समय से चली आ रही आपसी रंजिश का नतीजा है। ‘साई लाला’ और ‘सदा गैंग’ के बीच इलाके में अपना दबदबा कायम करने को लेकर पहले भी छिटपुट विवाद होते रहे हैं, लेकिन इस बार यह रंजिश जानलेवा साबित हुई।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और मुआयना किया। इसके बाद पूरे इलाके को सील कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की जा सके। साथ ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई विशेष टीमें भी गठित की हैं।


