रणथंभौर टाइगर रिजर्व में वाइल्डलाइफ का रोमांच पर्यटकों को एक अलग ही एक्सपीरियंस देता है। ऐसा ही एक बेहद रोमांचक और दुर्लभ नजारा फिर से यहां देखने को मिला। जिसका एक वीडियो भी सामने आया है। इस वीडियो वन्यजीव प्रेमियों और पर्यटकों को हैरान कर दिया है। यहां बाघिन मछली के बाद बाघिन शक्ति ने मगरमच्छ का शिकार किया है। जामुनदह पर देखने को मिला रोमांचक नजारा
दरअसल, रणथंभौर नेशनल पार्क में आज सुबह की सफारी के दौरान जोन नंबर 4 के जामुन देह क्षेत्र में बाघिन टी-111“शक्ति” के दीदार हुए। इस दौरान बाघिन ने अपने अद्भुत शिकार कौशल का परिचय देते हुए एक मगरमच्छ का शिकार कर लिया। आमतौर पर मगरमच्छ पानी के सबसे खतरनाक शिकारी माने जाते हैं, लेकिन इस बार जंगल की रानी शक्ति ने बाज़ी मार ली।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह की पारी में पर्यटक जंगल सफारी पर निकले हुए थे। तभी उन्होंने देखा कि बाघिन शक्ति पानी के किनारे घात लगाए बैठी है। कुछ ही पलों में उसने बिजली की तेजी से हमला किया और मगरमच्छ को काबू में कर लिया। यह पूरा दृश्य इतना अचानक और खतरनाक था कि वहां मौजूद लोग कुछ क्षणों के लिए दांतों तले उंगली चबा बैठे। शिकार करने के बाद बाघिन शक्ति ने अपनी ताकत का प्रदर्शन करते हुए मगरमच्छ को खींचकर चट्टानों पर ले गई। यह नजारा न केवल रोमांचकारी था, बल्कि बेहद दुर्लभ भी है।क्योंकि बाघ द्वारा मगरमच्छ का शिकार बहुत कम देखने को मिलता है।
इस पूरे घटनाक्रम को वहां मौजूद पर्यटकों ने अपने कैमरों में कैद कर लिया। जैसे ही ये तस्वीरें और वीडियो सामने आए तो वन्यजीव जगत में यह चर्चा का विषय बन गई। वन विशेषज्ञों का कहना है कि यह घटना बाघिन की ताकत, रणनीति और आत्मविश्वास को दर्शाती है। साथ ही यह भी बताती है कि जंगल में हर पल परिस्थितियां बदल सकती हैं और कौन किस पर भारी पड़ जाए, इसका अनुमान लगाना मुश्किल होता है। रणथंभौर नेशनल पार्क पहले से ही अपने बाघों के लिए विश्व प्रसिद्ध है, लेकिन इस तरह की घटनाएं इसे और भी खास बना देती हैं। बाघिन शक्ति का यह साहसिक कारनामा लंबे समय तक लोगों की यादों में बना रहेगा।


