F-15E US pilot Rescue in Iran: ईरान की धरती से भले ही अमेरिका अपने पायलट को रेस्क्यू करने में कामयाब हो गया है, लेकिन उसे इसकी कीमत भी चुकानी पड़ी है। यह रेस्क्यू ऑपरेशन अमेरिका और उसकी स्पेशल फोर्सेज के लिए आसान नहीं रहा। इसकी पुष्टि ईरान की ओर से भी होती है। दरअसल, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि F-15 फाइटर जेट के चालक के बचाव अभियान में शामिल एक और अमेरिकी एयरक्राफ्ट को मार गिराया गया है। स्थानीय मीडिया में खेत में उठते हुए धुएं की तस्वीर भी साझा की गई है।
खास बात यह है कि ईरान की ओर से एयरक्राफ्ट को मार गिराए जाने को लेकर किसी तरह की प्रतिक्रिया नहीं आई है। बता दें कि इससे पहले अमेरिका के F-15E फाइटर जेट ईरान में अभियान के दौरान IRGC के उन्नत एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा मार गिराया गया था, जिसके बाद पायलट लापता हो गया था।
ट्रंप ने अमेरिकी सुरक्षा बलों की जमकर तारीफ की
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सुरक्षा बलों की तारीफ करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ पर पोस्ट में लिखा, ‘हमने उसे खोज लिया! मेरे साथी अमेरिकियों, पिछले कुछ घंटों में अमेरिकी सेना ने देश के इतिहास के सबसे साहसिक सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशनों में से एक को अंजाम दिया। यह हमारे एक शानदार क्रू मेंबर ऑफिसर के लिए था, जो एक बेहद सम्मानित कर्नल भी हैं। मुझे आपको यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि वह अब सुरक्षित हैं!’
उन्होंने यह भी बताया कि स्थानीय ईरानी समूहों द्वारा दो ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टरों को निशाना बनाए जाने के बाद अमेरिकी सेना ने दूसरे बचाव अभियान के लिए अत्याधुनिक और घातक हथियारों से लैस दर्जनों विमान भेजे थे। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि क्रू मेंबर को चोटें आई हैं, लेकिन वह जल्द ही ठीक हो जाएगा।
‘हम किसी अमेरिकी वॉरफाइटर को पीछे नहीं छोड़ेंगे’
उन्होंने आगे कहा कि अमेरिकी सेना के इतिहास में यह पहली बार है जब दुश्मन के इलाके में दो अमेरिकी पायलटों को अलग-अलग बचाया गया है। हम कभी भी किसी अमेरिकी वॉरफाइटर को पीछे नहीं छोड़ेंगे! यह एक बार फिर साबित करता है कि हमने ईरानी आसमान पर जबरदस्त एयर डॉमिनेंस और श्रेष्ठता हासिल कर ली है।


