सड़क हादसे में दो युवकों की मौत:गन्ना काटकर लौटते समय वाहन ने मारी टक्कर, चालक फरार

सड़क हादसे में दो युवकों की मौत:गन्ना काटकर लौटते समय वाहन ने मारी टक्कर, चालक फरार

लखीमपुर खीरी के मितौली थाना क्षेत्र में शनिवार को एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल होकर घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। यह घटना शनिवार शाम मितौली थाना क्षेत्र के मितौली-बड़ागांव मार्ग पर छोटा सेमरावां के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को संभालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही मितौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू की। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस की जांच में मृतकों की पहचान बृजेश और प्रहलाद के रूप में हुई है। ये दोनों महोली थाना क्षेत्र के ग्राम लुकटहा के निवासी थे। बताया गया है कि दोनों युवक क्षेत्र में गन्ना काटने का काम करते थे और शनिवार को काम खत्म करने के बाद अपनी बाइक से गांव लौट रहे थे। लुकटहा लौटते समय ही छोटा सेमरावां के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे की खबर जैसे ही मृतकों के परिवारों तक पहुंची, वहां शोक का माहौल छा गया। मितौली पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद फरार हुए अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से जानकारी जुटाने के साथ ही संभावित मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। मामले की जांच जारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *