Dungarpur : नाबालिग से दुष्कर्म, मरणासन्न हालत में मिली पीड़िता, आपबीती सुन परिजनों के आंसू छलके

Dungarpur : नाबालिग से दुष्कर्म, मरणासन्न हालत में मिली पीड़िता, आपबीती सुन परिजनों के आंसू छलके

Dungarpur : डूंगरपुर जिले के ओबरी थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। ओबरी थाना क्षेत्र में एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पीड़िता करीब 18 घंटे बाद थाना क्षेत्र के एक गांव के पास ही बेसुध हालत में मिली, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डूंगरपुर पुलिस की तमाम कोशिशों के बावजूद भी इस तरह की घटनाओं पर पूरी तरह से अंकुश नहीं लग पा रहा है।

सामान लेने गई थी नाबालिग, रास्ते से हुआ अपहरण

बताया जा रहा है कि यह घटना 30 मार्च की रात की है। डूंगरपुर जिले के ओबरी थानाधिकारी रमेशकुमार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, नाबालिग लड़की रात का खाना खाने के बाद अपने पिता के कहने पर पास की दुकान से कुछ सामान लेने निकली थी। जब वह काफी देर तक घर वापस नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन रात भर उसका कहीं पता नहीं चला। इसके बावजूद परिजन सारी रात लड़की की तलाश करते रहे।

नशीला पदार्थ सुंघाकर वारदात को दिया अंजाम

अगले दिन 31 मार्च को दोपहर करीब 3 बजे पीड़िता गांव में ही एक नाले के पास अचेत अवस्था में मिली। उसके कपड़े अस्त-व्यस्त थे। होश में आने पर पीड़िता ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि गांव का ही मुख्य आरोपी अपने तीन अन्य साथियों के साथ बाइक पर आया था। आरोपियों ने उसे कोई नशीला पदार्थ सुंघाया, जिससे वह अर्धविक्षिप्त हो गई। इसके बाद आरोपी उसे बाइक पर बैठाकर एक सुनसान जगह ले गए।

मुख्य आरोपी ने दो बार किया दुष्कर्म

पीड़िता के अनुसार, मुख्य आरोपी ने उसके साथ दो बार दुष्कर्म किया। साथ ही उसे जान से मारने की धमकी दी। वारदात के बाद आरोपी उसे मरणासन्न हालत में छोड़कर फरार हो गए।

अस्पताल में इलाज जारी, पुलिस तलाश में जुटी

परिजन पीड़िता को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे डूंगरपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वर्तमान में नाबालिग का इलाज जारी है। ओबरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दी जा रही है। पुलिस ने अपने सूत्रों को भी अलर्ट कर दिया है। पुलिस का कहना है कि दोषियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। इस घटना से गांव में सुर्खियों का बाजार गरम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *