Banda News:अवैध गुटखा फैक्ट्री का भंडाफोड़, चार आरोपी गिरफ्तार

Banda News:अवैध गुटखा फैक्ट्री का भंडाफोड़, चार आरोपी गिरफ्तार

बांदा जिले में पुलिस ने अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कोतवाली नगर क्षेत्र के सुतरखाने मोहल्ले में संचालित एक अवैध गुटखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में तैयार गुटखा, सुपारी, रैपर, पैकिंग सामग्री, मशीनें और अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं। बरामद सामग्री को पुलिस ने कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अखिलेश निवासी कालवनगंज, राकेश निवासी सूतरखाना, तीरथ निवासी मर्दन नाका और बसंत निवासी खुटला, थाना कोतवाली नगर जनपद बांदा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी मिलकर लंबे समय से इस अवैध फैक्ट्री का संचालन कर रहे थे और यहां तैयार गुटखा को स्थानीय बाजार समेत आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई किया जा रहा था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह फैक्ट्री बिना किसी वैध लाइसेंस या अनुमति के संचालित हो रही थी। यहां तैयार किए जा रहे गुटखा उत्पादों में गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था, जिससे उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता था। साथ ही इस अवैध कारोबार के चलते सरकार को राजस्व का भी बड़ा नुकसान हो रहा था।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी आरोपियों को मौके से ही पकड़ लिया। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में कच्चा माल, तैयार माल और पैकिंग से जुड़ी सामग्री बरामद की गई, जिससे स्पष्ट हुआ कि यह कारोबार बड़े स्तर पर संचालित किया जा रहा था।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी दी है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में कुछ और लोगों की संलिप्तता सामने आ सकती है, जिनकी पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *