डीग क्षेत्र में शुक्रवार शाम अचानक मौसम बदल गया। तेज अंधड़ के साथ जोरदार बारिश हुई। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से डीग जिले और आसपास के इलाकों में करीब आधे घंटे तक मेघ गर्जना के साथ रिमझिम बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई है। बारिश से पहले चली तेज धूल भरी हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित किया। सड़कों पर दृश्यता कम होने के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। इस बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में खड़ी और खलिहानों में रखी सरसों और गेहूं की फसलों को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 24 घंटों तक भरतपुर संभाग के जिलों में इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और पेड़ों के नीचे शरण न लेने की सलाह दी है।


