भदोही के सुरियावां में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उनका विवाह अप्रैल 2025 में कुलदीप नामक युवक से हुआ था। घर में कुसुम गौतम खाना बना रही थी। इसी दौरान कुसुम गौतम के दुपट्टे में आग लग गई। शुक्रवार को कुसुम गौतम घर में दाल बना रही थीं। इसी दौरान अचानक उनके दुपट्टे में आग लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने तुरंत उन्हें उपचार के लिए जीवन दीप अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी मनीष त्रिवेदी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह हादसा था या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।


