ब्यावर में ससुराल वालों को नशीली दवा खिलाकर नकदी-जेवर ले उड़ी दुल्हन, दो दिन पहले हुई थी शादी

ब्यावर में ससुराल वालों को नशीली दवा खिलाकर नकदी-जेवर ले उड़ी दुल्हन, दो दिन पहले हुई थी शादी

ब्यावर। शहर के चांग चितार रोड पर दो दिन पहले शादी होकर आई नववधू ने ससुराल में पूरे परिवार को नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश कर दिया। घटना के बाद दुल्हन नकदी और जेवर लेकर फरार हो गई। बेहोश हुए परिवार के सदस्यों को राजकीय अमृतकौर चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।

31 मार्च को हुई थी शादी

पुलिस के अनुसार चांग चितार रोड निवासी लोकेश आसवानी की शादी 31 मार्च को बनारस निवासी पूजा से हुई थी। एक अप्रेल की रात दुल्हन ने स्वयं खाना बनाने का कहकर दाल में नशीला पदार्थ मिला दिया। खाना खाने के बाद पति, ससुर, ननद और बुआ बेहोश हो गए। अगली सुबह दुल्हन घर से गायब मिली। नकदी व जेवर भी नदारद मिले।

अस्पताल में चल रहा उपचार

घटना की जानकारी सबसे पहले दीपा को लगी, जब उसने परिवार के सभी सदस्यों को बेसुध देखा। दीपा ने परिजनों को सूचना दी और परिवार वालों को राजकीय अमृतकौर चिकित्सालय में भर्ती कराया। परिवार के सदस्य हरीश, चंद्रा देवी और दीपा समेत चार लोग अस्पताल में उपचाराधीन हैं। पुलिस ने प्रकरण की जांच शुरु कर दी है। इधर, मामले की जानकारी मिलने पर पूर्व पार्षद मंगत सिंह मोनू सहित क्षेत्रवासी मौके पर पहुंचे।

दुल्हन की तलाश में जुटी पुलिस

शहर में बाहर की युवतियों से शादी करवाने का धंधा चल रहा है। लम्बे समय से इस तरह के संबंध करवाने वाले लोग सक्रिय हैं। मामला सामने आने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है। शादी करवाने वाले दलाल सहित अन्य की तलाश की जा रही है। पुलिस भागने वाली दुल्हन की तलाश एवं उससे जुड़े लोगों के बारे में छानबीन कर रही है।

लुटेरी दुल्हनों के बढ़ रहे केस

प्रदेश में आए दिन धोखाधड़ी कर कथित विवाह कराने और उसके बाद दूल्हे के घर से माल समेटकर भागने वाली दुल्हनों के केस लगातार बढ़ रहे हैं। सदर थाना पुलिस के अनुसार विवाह के लिए संबंध तय करने से पहले दोनों ही पक्षों को गहनता से जांच पड़ताल करने की अपील भी की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *