मुरादाबाद भाजपा की जिला टीम को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। एक तरफ अपराधी किस्म के लोगों को टीम में एंट्री दी गई है तो वहीं दूसरी ओर शहरी लोगों की भरमार से गांव देहात में रहने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं में असंतोष पनप रहा है। जिले की टीम में करीब 60 फीसदी पदाधिकारी शहरी क्षेत्र से लिए गए हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले और धरातल पर काम करने वाले पार्टी के कार्यकर्ताओं में असंतोष पनप रहा है।
जिले की नई टीम में परिवारवाद को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। कांठ के पूर्व विधायक राजेश कुमार चुन्नू के बेटे विक्रांत सिंह को जिला मंत्री बनाया गया है। मुरादाबाद नगर निगम में 4 बार की पार्षद रुचि चौधरी के पति नवीन चौधरी को जिला महामंत्री जैसा महत्वपूर्ण पद दिया गया है। जबकि वह शहरी क्षेत्र में निवास करते हैं। मुरादाबाद महानगर भाजपा की टीम में कार्यकारिणी सदस्य पूनम चौहान की बेटी कशिश चौहान को जिले की टीम में मंत्री बनाया गया है। बता दें कि मुरादाबाद समेत सभी महानगरों को पार्टी ने संगठन की दृष्टि से दो-दो जिलों के रूप में बांट रखा है। मुरादाबाद जिले में भी मुरादाबाद महानगर को और बाकी मुरादाबाद को संगठनात्मक दृष्टि से अलग-अलग जिला माना जाता है। मुरादाबाद महानगर में रहने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं को मुरादाबाद महानगर की टीम में जगह दी जाती है और मुरादाबाद जिले की टीम में बाकी पांचों विधानसभा क्षेत्रों में ग्रामीणा इलाके में रहने वाले कार्यकर्ताओं को जगह दी जाती है। लेकिन मुरादाबाद जिले की टीम में पदाधिकारी बनाए गए ज्यादातर कार्यकर्ता मुरादाबाद महानगर के ही रहने वाले हैं। ऐसे में सवाल ये भी उठ रहा है कि ग्रामीणा इलाकों में धरातल पर पार्टी संगठन का काम भला कौन करेगा ?


