चैत्र पूर्णिमा के अवसर पर स्वर्णनगरी में हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। पुराने बिजलीघर परिसर स्थित गजटेड हनुमान मंदिर में आयोजित जन्मोत्सव कार्यक्रम के तहत शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। हनुमान जन्मोत्सव आयोजन समिति के संयोजक ग्वालदास मेहता ने बताया कि सुबह 9:30 बजे गड़ीसर चौराहे से शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। शोभायात्रा में सजे-धजे ऊंट-घोड़े, पारंपरिक परिधान में मंगल कलश धारण किए बालिकाएं और विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। डीजे और बैंड की धुनों के बीच श्रद्धालु हनुमान चालीसा का पाठ करते और जय श्री राम के उद्घोष लगाते आगे बढ़ते रहे। शोभायात्रा का प्रमुख आकर्षण हनुमानगढ़ से आई सरदार बैंड और खाजूवाला, बीकानेर की बंजारा बीन टीम रही। राम के रूप में भागीरथ चुयल, लक्ष्मण के रूप में मनोहर मीणा और हनुमान के रूप में विजयसिंह मोयल की प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के टीकम और थिरपाल गर्ग ने भुजदंड और तलवार से शौर्य प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित किया। विधायक छोटूसिंह भाटी के सानिध्य में निकली शोभायात्रा गड़ीसर चौराहे से गुलासतला रोड, आसनी रोड, गोपा चौक, सदर बाजार और गांधी चौक होते हुए हनुमान चौराहे से मंदिर परिसर पहुंची।
जगह-जगह पुष्प वर्षा से स्वागत
मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर, शीतल जल, आइसक्रीम और शरबत वितरित कर स्वागत किया। मंदिर के पुजारी किशनलाल शर्मा ने बताया कि शोभायात्रा के मंदिर पहुंचने पर विशेष आरती और पूजा-अर्चना की गई। आयोजन के दौरान बालक-बालिकाओं को अल्पाहार और पुरस्कार प्रदान किए गए। दिनभर मंदिर परिसर में यज्ञ-हवन और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित हुए, जबकि सायंकाल महाआरती के बाद सुंदरकांड पाठ और महाप्रसादी वितरण किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर में दर्शन कर प्रसादी ग्रहण की। पूरे शहर में भक्ति, उल्लास और धार्मिक उत्साह का वातावरण बना रहा।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन और पूजा अर्चना में रही जनभागीदारी
रामदेवरा. क्षेत्र के मावा गांव में गुरुवार को हनुमान मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। आयोजन में बाप, मंडला, भणियाणा सहित आसपास के गांवों के पालीवाल समाज के गणमान्य लोग और ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। नवनिर्मित मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन और पूजा-अर्चना की गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। बुधवार रात को मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें ग्रामीणों और बाहर से आए अतिथियों ने भक्ति भाव से सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता भंवरलाल कुमावत की ओर से प्रसादी का आयोजन किया गया। गुरुवार को हनुमान जयंती के अवसर पर हवन-पूजन के बाद विभिन्न गांवों से आए अतिथियों और भामाशाहों का दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान किया गया। प्रसादी का आयोजन अनोपाराम तथा बंशीलाल-पीथाराम भटिया परिवार की ओर से किया गया। आयोजन में मानक पालीवाल, लालचंद पालीवाल, नारायण पालीवाल, लेखराज पालीवाल, गुमानाराम सैन, गुमानाराम सुथार, भंवर सिंह तंवर, प्रयाग सिंह तंवर, दीपचंद पालीवाल, भूराराम और कालूदास वैष्णव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा, आस्था और उत्साह का वातावरण बना रहा।


