रायगढ़ में जयस्तंभ चौक के पास बनेगा फूल बाजार:अस्थायी बाजार से ट्रैफिक समस्या होगी दूर, महापौर-सभापति और आयुक्त ने किया स्थल निरीक्षण

रायगढ़ में जयस्तंभ चौक के पास बनेगा फूल बाजार:अस्थायी बाजार से ट्रैफिक समस्या होगी दूर, महापौर-सभापति और आयुक्त ने किया स्थल निरीक्षण

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में श्याम टाकीज रोड पर फूल दुकानों का संचालन होता है। सुबह से यहां फूल व्यवसायी अस्थायी रूप से बैठकर अपना व्यवसाय करते हैं। जिसके कारण कई बार ट्रैफिक समस्या भी होती है। जिसे देखते हुए अब जयस्तंभ चौक के पास फूल बाजार बनाया जा रहा है। जहां सभी फूल व्यवसायी अपना व्यवसाय करेंगे। इसके लिए महापौर-सभापति और आयुक्त ने स्थल निरीक्षण भी किया। नगर निगम द्वारा एसपी कार्यालय के बगल जयस्तंभ चौक के समीप फूल बाजार के नाम से एक निर्धारित स्थान चिन्हित किया गया है। जहां फूल विक्रेताओं को अस्थायी रूप से अपनी दुकानें लगाने की व्यवस्था की जाएगी। महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू, एमआईसी सदस्य मुक्तिनाथ, पार्षद पति मुक्कू यादव निगम कार्यालय से पैदल स्थल निरीक्षण के लिए पहुंचे। इस दौरान नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान महापौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि चिन्हित स्थान को शीघ्र व्यवस्थित किया जाए। साथ ही आसपास के कॉम्प्लेक्स संचालकों से भी चर्चा कर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की बात कही गई।
व्यपारियों को मिलेगा निर्धारित स्थान
महापौर ने बताया कि सड़क पर फूल दुकानों के कारण लोगों को आने-जाने में कई बार कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है और यातायात भी प्रभावित होती है। ऐसे में अस्थायी फूल बाजार प्रारंभ होने से एक ओर जहां शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु होगी, वहीं दूसरी ओर व्यापारियों को भी एक निर्धारित स्थान मिलेगा। जिससे वे अपने व्यवसाय को बेहतर तरीके से संचालित कर सकेंगे।
दूर-दराज से आते हैं व्यवसायी
बताया जा रहा है कि फूल का व्यवसाय करने के लिए शहर ही नहीं बल्कि दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से व्यवसायी आते हैं। जो सुबह से 4-5 बजे से अपनी फूलों की दुकानें सड़क पर लगाते हैं। त्यौहारी सीजन के दौरान परेशानी अधिक बढ़ जाती है। सड़क पर यातायात के दबाव के साथ ही फूल लेने वाले लोगों की भीड़ से परेशानी बढ़ जाती है। निर्धारित स्थान होने के बाद इस समस्या से निजात मिलने की संभावना बताई जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *