हनुमान जयंती पर अयोध्या पहुंचे गौतम अडाणी, परिवार सहित किए राम लला के दर्शन

हनुमान जयंती पर अयोध्या पहुंचे गौतम अडाणी, परिवार सहित किए राम लला के दर्शन

अडाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडाणी आज सुबह लगभग 8:30 बजे अयोध्या पहुंचे। पत्नी प्रीति अडाणी और बेटे करण अडाणी भी उनके साथ ही आए हैं। वे अहमदाबाद से दो विशेष चार्टर्ड विमानों के जरिए महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरे। वहां से वे सीधे राम जन्मभूमि मंदिर गए। मंदिर में पुजारियों ने मंत्रोच्चार के साथ उनसे पूजा और आरती करवाई। मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने अंग वस्त्र भेंट कर उनका स्वागत किया।

नक्काशी को निहारा

दर्शन के बाद अडाणी ने पूरे मंदिर परिसर का भ्रमण किया। उन्होंने वहां की गई बारीक नक्काशी और तराशी गई मूर्तियों को बड़े ध्यान से देखा। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय ने उन्हें मंदिर निर्माण की तकनीकी बारीकियों और इससे जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

दर्शन के बाद दिया भावुक संदेश

करीब 30 मिनट मंदिर में बिताने के बाद गौतम अडाणी ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा मुझे और मेरे परिवार को अयोध्या में भगवान राम के दर्शन करने का सौभाग्य मिला। यह एक भावुक पल है, एक गर्व का पल है। उन्होंने यह भी कहा कि यह मंदिर सिर्फ आस्था का केंद्र नहीं बल्कि भारत की एकता और आत्मविश्वास का प्रतीक है। उन्होंने देश की प्रगति और सुख-शांति के लिए प्रार्थना भी की। अडाणी ने कहा कि भगवान राम के आदर्श हमें सत्य और कर्तव्य के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करते हैं।

गुरुकुल के बच्चों से मुलाकात

अडाणी ने अयोध्या के एक नि:शुल्क गुरुकुल का भी दौरा किया। वहां उन्होंने छात्रों से मुलाकात की और उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि आज के AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के दौर में भी हमारी प्राचीन संस्कृति को जीवित रखना जरूरी है। भारत की इस गौरवशाली संस्कृति को जीवित रखने का काम गुरुकुल कर रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ‘अडाणी फाउंडेशन’ इस गुरुकुल संस्कृति को बचाने और आगे बढ़ाने में हर संभव मदद करेगा।

सीएम से करेंगे मुलाकात

इससे पहले गौतम अडाणी 22 जनवरी 2024 को प्राण प्रतिष्ठा समारोह में भी शामिल हुए थे। अयोध्या में राम लला के दर्शन पूरे करने के बाद अब वे लखनऊ के लिए रवाना होंगे जहां उनकी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात प्रस्तावित है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *