‘तुम खूबसूरत हो, बेटी को भेजो’: हवालात में महिला से संबंध बनाने की मांग, पुलिस अधिकारी सस्पेंड

‘तुम खूबसूरत हो, बेटी को भेजो’: हवालात में महिला से संबंध बनाने की मांग, पुलिस अधिकारी सस्पेंड

महाराष्ट्र के अकोला जिले से पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिस खाकी वर्दी पर सुरक्षा की जिम्मेदारी होती है, उसी वर्दी में तैनात एक अधिकारी पर महिला आरोपी से आपत्तिजनक मांग करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना सामने आने के बाद पूरे राज्य में आक्रोश का माहौल है।

खाकी वर्दी में छिपा शर्मनाक चेहरा

यह घटना अकोला के सिविल लाइन पुलिस स्टेशन में हुई। आरोपी अधिकारी की पहचान सहायक पुलिस उपनिरीक्षक (ASI) राजेश जाधव के तौर पर हुई है। जानकारी के मुताबिक, साइबर धोखाधड़ी के एक मामले में गिरफ्तार महिला को अदालत द्वारा पुलिस कस्टडी में भेजा गया था।

इसी दौरान ड्यूटी पर मौजूद एएसआई राजेश जाधव ने महिला के पास आकर कथित तौर पर कहा, ‘तू स्मार्ट दिखती है, अपनी बेटी को भेज, बदले में 10,000 हजार रुपये दूंगा।‘ एएसआई की इस गंदी मांग को सुनकर महिला के होश उड़ गए।

महिला पुलिसकर्मी की सतर्कता से सामने आया मामला

पीड़ित महिला ने डरने के बजाय यह पूरी घटना वहीं मौजूद एक महिला पुलिसकर्मी को बताई। महिला कर्मचारी ने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। मामला सामने आते ही वरिष्ठ अधिकारी भी हरकत में आये और आरोपी अधिकारी को कड़ी फटकार लगाई।

साथ ही पीड़िता की शिकायत के आधार पर राजेश जाधव के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। अकोला के एसडीपीओ (SDPO) सुदर्शन पाटिल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?

जिस महिला कैदी के साथ यह घटना हुई, उसे अकोला साइबर पुलिस ने करीब 80 लाख रुपये की ठगी के मामले में पालघर से गिरफ्तार किया था। स्थानीय अदालत ने उसे 3 अप्रैल तक पुलिस कस्टडी में भेजा था। इसी दौरान यह शर्मनाक घटना हुई।

‘वर्दी पहनी है, शर्म नहीं आई…’

मामला सामने आने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने आरोपी राजेश जाधव को फटकार लगाई। उन्होंने कहा, “वर्दी पहनी है न तुमने, ऐसी हरकत करते हुए शर्म नहीं आई?” इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें एक अधिकारी आरोपी एएसआई की जमकर क्लास लगाते दिख रहा है। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *