खेत में सिगरेट फेंकने पर मां-बेटों को पीटा:प्रतापगढ़ में 8-10 युवकों ने बेल्ट और डंडों से बेरहमी से की पिटाई, हायर सेंटर रेफर

खेत में सिगरेट फेंकने पर मां-बेटों को पीटा:प्रतापगढ़ में 8-10 युवकों ने बेल्ट और डंडों से बेरहमी से की पिटाई, हायर सेंटर रेफर

प्रतापगढ़ के कंधई थाना क्षेत्र के नरसिंहपुर गांव में गेहूं के खेत में जलती सिगरेट फेंकने का विरोध करने पर एक परिवार पर हमला किया गया। आरोप है कि गांव के 8-10 युवकों ने मां और उसके दो बेटों को बेरहमी से पीटा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। यह घटना मंगलवार रात करीब आठ बजे हुई। गांव निवासी विनोद कुमार रजक ने अपने घर के पास गेहूं की फसल बो रखी है। कुछ युवक वहां सिगरेट पी रहे थे और जलती हुई सिगरेट खेत में फेंक दी। विनोद के बेटे अनूप रजक ने इसका विरोध किया, जिसके बाद आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। पीड़ित परिवार के अनुसार, हमलावरों ने बेल्ट, पंच और डंडों से अनूप रजक, उसके भाई अनुज और मां रुपा रजक को जमकर पीटा। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर वहां से भाग निकले। घटना की सूचना यूपी-112 और दीवानगंज चौकी पुलिस को दी गई। चौकी प्रभारी दीपक कुमार मौके पर पहुंचे और घायलों को सीएचसी बेलखरनाथ धाम भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष कंधई आदित्य सिंह ने बताया कि घायलों का इलाज कराया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *