छतरपुर जिले के बमीठा थाना क्षेत्र के ग्राम घूरा में मंगलवार रात एक डेढ़ साल की बच्ची की घर के आंगन में बनी पानी की हौदी में डूबने से मौत हो गई। यह घटना रात करीब 8 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, सनाया (डेढ़ साल), पिता ठाकुर दास पटेल, घर के आंगन में अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। खेलते-खेलते वह आंगन में बनी पानी की हौदी में गिर गई। घटना के समय परिवार के अधिकांश सदस्य खेत पर फसल कटाई में व्यस्त थे। कुछ देर बाद जब बच्ची की मां सविता घर पहुंची, तो उन्होंने सनाया को हौदी के पानी में डूबा हुआ देखा। मां ने तुरंत बच्ची को बाहर निकाला और परिजनों को सूचित किया। पड़ोसियों की मदद से बच्ची को निजी वाहन से बमीठा अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
बमीठा अस्पताल में डॉक्टरों ने 10 से 15 मिनट तक प्राथमिक उपचार दिया। बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजन बच्ची को तुरंत जिला अस्पताल ले गए, जहां इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर रवि सोनी ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि सभी बच्चे आंगन में खेल रहे थे और किसी को इस बात का अंदाजा नहीं हुआ कि सनाया कब हौदी में गिर गई। वह कितनी देर तक पानी में डूबी रही, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। सनाया परिवार की सबसे छोटी बेटी थी। इस घटना के बाद परिवार और पूरे गांव में दुख का माहौल है। पुलिस बुधवार को पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराएगी। इसके उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।


