दतिया| ग्वालियर-झांसी नेशनल हाइवे पर एक युवक घायल अवस्था में पाया गया, जिसे एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। युवक के सिर में चोट भी थी। अस्पताल में इलाज के दौरान युवक अचानक गायब हो गया। रविवार सुबह अस्पताल के बाहर, दुकानों के पास, युवक का शव पाया गया। स्थानीय दुकानदारों ने अस्पताल प्रबंधन को सूचना दी, जिसके बाद स्टाफ और चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। जानकारी के अनुसार, 28 मार्च की शाम हाइवे अथॉरिटी की टीम ने पैट्रोलिंग के दौरान युवक को घायल देखा। सूचना मिलने पर उसे एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। युवक अस्पताल में दो दिन भर्ती रहा और फिर बिना सूचना दिए गायब हो गया। मृतक की शिनाख्त अब तक नहीं हो पाई है और अभी तक कोई परिजन सामने नहीं आया। मंगलवार सुबह युवक का पीएम किया गया। डॉक्टरों ने बताया कि मृतक नशे का आदी प्रतीत होता था और नशे के ओवरडोज से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। जिला अस्पताल के आरएमओ डॉ. डीएस तोमर ने कहा कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


