राउरकेला | जनगणना-2027 में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सोमवार को शहर में विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया गया। राउरकेला नगर निगम ने हमारी जनगणना, हमारा विकास संदेश के साथ जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ शहर के विभिन्न इलाकों में घूमकर लोगों को जनगणना की प्रक्रिया, समय-सारणी और सही जानकारी देने के महत्व के बारे में जागरूक करेगा। अधिकारियों का कहना है कि जनगणना के सटीक आंकड़े ही विकास योजनाओं और संसाधनों के सही वितरण की आधारशिला होते हैं। आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार 1 से 15 अप्रैल तक स्व-गणना की जाएगी। इसके बाद 16 अप्रैल से 15 मई तक घर सूचीकरण और परिवार गणना का कार्य होगा। इस दौरान नागरिक ऑनलाइन या निर्धारित माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे, जबकि बाद के चरण में गणनाकार घर-घर पहुंचेंगे। अभियान ओडिशा सरकार के सूचना व जनसंपर्क विभाग, आवास एवं शहरी विकास विभाग, सुंदरगढ़ जिला प्रशासन और आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के सहयोग से चलाया जा रहा है।


