भास्कर न्यूज | राउरकेला आदिवासी बहुल सुंदरगढ़ जिले में अंधविश्वास ने एक और जान ले ली। जादू-टोना के संदेह में 65 वर्षीय महादेव प्रधान की हत्या कर दी गई, जबकि उनकी पत्नी को भी पीटा गया। घटना सोमवार शाम सदर थाना क्षेत्र के केंदाखोल गांव में हुई। जानकारी के मुताबिक, करीब एक महीने पहले मुख्य आरोपी कुमुद बाग की पत्नी की बीमारी से मौत हो गई थी। उसे शक था कि महादेव प्रधान ने जादू-टोना कर उसकी पत्नी की जान ली है। इसी शक में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। सोमवार शाम कुमुद बाग, उसका भाई प्रमोद, शिव प्रधान और लव कुजूर महादेव के घर पहुंचे और उन पर हमला कर दिया। पहले चाकू से वार किया गया, फिर लोहे की पाइप और डंडों से पीट-पीटकर उनकी हत्या कर दी गई। बीच-बचाव करने आई पत्नी को भी आरोपियों ने बुरी तरह पीटा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने रात में ही चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, जिले में अंधविश्वास से जुड़ी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। पिछले पांच वर्षों में ऐसे मामलों में 25 से अधिक हत्याएं हो चुकी हैं।


