बिलासपुर में अटल बिहारी वाजपेयी यूनिवर्सिटी के रिजल्ट में गड़बड़ी को लेकर नाराज स्टूडेंट्स ने सोमवार को जमकर हंगामा मचाया। स्टूडेंट्स ने यूनिवर्सिटी में रजिस्ट्रार दफ्तर का घेराव कर बिना फीस के री-इवैल्यूएशन कराने की मांग की। रजिस्ट्रार ने स्टूडेंट्स के भविष्य के साथ अन्याय नहीं करने और सात दिन के भीतर आंसरशीट का दोबारा जांच कराने का आश्वासन दिया है। दरअसल यूनिवर्सिटी ने जो परिणाम जारी किया है, उसमें बड़ी गड़बड़ियां सामने आई है। आरोप है कि जो स्टूडेंट एग्जाम में शामिल हुए हैं उन्हें एब्सेंट बता दिया गया है। वहीं कई स्टूडेंट्स ऐसे हैं, जिन्हें जीरो नंबर मिले हैं। इससे नाराज लॉ के स्टूडेंट्स ने एनएसयूआई नेताओं के साथ यूनिवर्सिटी में तीन घंटे प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि जो स्टूडेंट्स एग्जाम दिए हैं, उन्हें भी एब्सेंट बता दिया गया है। जो स्टूडेंट 4-4 सप्लीमेंट्री लेकर लिखा है, उसे 5 नंबर मिला है। कई स्टूडेंट्स को एक ही सब्जेक्ट में समान नंबर मिले हैं। बता दें कि B-COM-LLB का रिजल्ट 25.86% है। देखिए पहले ये तस्वीरें- स्टूडेंट्स बोले- फ्री जांच कराई जाए यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने कहा कि जिन स्टूडेंट्स को रिजल्ट पर आपत्ति है, वो नियमानुसार री-इवैल्यूएशन के लिए एप्लीकेशन कर सकते हैं। यह सुनकर स्टूडेंट्स भड़क गए। उनका कहना है कि यूनिवर्सिटी की ओर से आंसरशीट की जांच मुफ्त में कराई जाए। इसमें स्टूडेंट्स को भी शामिल किया जाए। स्टूडेंट्स ने चेतावनी दी कि अगर मामले में फौरन कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। जानिए कैसा रहा छात्रों का रिजल्ट यूनिवर्सिटी की ओर से एलएलबी लॉ के स्टूडेंट्स का रिजल्ट जारी किया गया है, जिसमें बीकॉम एलएलबी फर्स्ट सेमेस्टर के स्टूडेंट्स का 25.86 प्रतिशत रिजल्ट है। इसी तरह एलएलएम फर्स्ट सेमेस्टर में का रिजल्ट 50.35 प्रतिशत रहा। वहीं बीए एलएलबी फर्स्ट सेमेस्टर का रिजल्ट 47.87 प्रतिशत दर्ज किया गया है, जबकि बीए एलएलबी थर्ड सेमेस्टर में 78.57 प्रतिशत और नाइंथ सेमेस्टर में 84.34 प्रतिशत छात्र पास हुए। एलएलबी पार्ट थ्री (पुराना कोर्स) का परिणाम मात्र 44.12 प्रतिशत रहा। जबकि बीकॉम एलएलबी फर्स्ट सेमेस्टर (न्यू कोर्स) में स्थिति और भी चिंताजनक रही, जहां केवल 25.86 प्रतिशत स्टूडेंट्स ही पास हो सके। इसके अलावा इसी कोर्स के थर्ड सेमेस्टर में 66.67 प्रतिशत, फिफ्थ सेमेस्टर में 86.61 प्रतिशत और नाइंथ सेमेस्टर में 91.67 प्रतिशत परिणाम दर्ज किया गया है। नए कोर्स के एलएलबी पार्ट वन में 52.66 प्रतिशत छात्र पास हुए हैं। वहीं एलएलबी पार्ट टू में 88.68 प्रतिशत और पार्ट थ्री में 84.37 प्रतिशत परिणाम दर्ज किया गया। छात्र कॉलेज में आवेदन दें, 7 दिन में कराएंगे जांच कुलसचिव डॉ. तारणीश गौतम ने कहा कि छात्रहित के लिए यूनिवर्सिटी काम कर रही है। स्टूडेंट्स को परेशानी है तो बताएं, उसमें सुधार किया जाएगा। आंदोलन सही तरीका नहीं है। स्टूडेंट्स को उनके रिजल्ट में परेशानी है तो 7 दिन के अंदर अपने कॉलेज में आवेदन करें। उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रबंधन यूनिवर्सिटी आवेदन भेजेगा। इसके लिए तीन सदस्यीय कमेटी बना दी गई है। 7 अप्रैल तक दोबारा जांच कर रिजल्ट दे दिया जाएगा।


