छतरपुर जिले की गढ़ीमलहरा पुलिस ने एक हत्या के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रविवार को आरोपियों ने ग्राम कलानी के एक खेत में किसान के बेटे पर हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। इस घटना में एक वृद्ध महिला और एक अन्य व्यक्ति घायल हुए हैं, जिनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस को रविवार देर रात डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि ग्राम कलानी कौआवासन के खेत में मारपीट हुई है। इसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा। उपचार के दौरान कमलेश कुशवाहा को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है। परिजनों की शिकायत पर गढ़ीमलहरा थाने में भारतीय न्याय संहिता के तहत हत्या, हत्या के प्रयास और बलवा सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। आरोपियों के पास से हथियार भी बरामद
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नंदराम विश्वकर्मा, गोविंद कुशवाहा और एक विधि विरुद्ध किशोर को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी और डंडे बरामद किए हैं। सभी गिरफ्तार आरोपियों को नियमानुसार कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले और एसडीओपी नौगांव अमित मेश्राम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रीता सिंह और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


