हाथरस के हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कैलाश नगर से अलीगढ़ जा रही बारातियों से भरी एक बस में आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर मंगलायतन के निकट एक कैंटर ने टक्कर मार दी। इस हादसे में 10 बाराती घायल हो गए। घटना रविवार शाम करीब 7:30 बजे हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बारातियों की चीख-पुकार सुनाई देने लगी। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। वहां पर जाम भी लग गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए हाथरस के जिला अस्पताल ले जाया गया। घायलों में राजू, मोहम्मद समीर, जलालुद्दीन, मोहसिन, मुजाहिद, नवाब, मुर्शीद अहमद और निसार मोहम्मद सहित अन्य कुछ अन्य भी शामिल हैं। घायलों के परिजन अस्पताल पहुंचे हादसे की जानकारी मिलने पर घायलों के परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल में काफी भीड़ देखी गई, जहां घायलों का उपचार जारी था। इधर, इस दुर्घटना के बाद बारातियों की खुशी भी काफूर हो गई।


