Bhopal Airport- मध्यप्रदेश में हवाई सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में भोपाल Bhopal के राजा भोज एयरपोर्ट पर भी यात्री सुविधाएं बढ़ाई जा रहीं हैं। यहां नया अराइवल और डिपार्चर एरिया डेवलप किया गया है जिसे आज यात्रियों के लिए खोला जा रहा है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किनजारापू राममोहन नायडू इसका वर्चुअल लोकार्पण करेंगे। यहां से डिजिटल यात्रा सुविधा भी मिलेगी। इधर नवी मुंबई एयरपोर्ट की सीधी कनेक्टविटी भी मिल गई है जिससे यात्रियों की छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट जाने की मजबूरी खत्म होगी। दिल्ली के लिए एक अतिरिक्त उड़ान भी शेड्यूल में है।
भोपाल के राजा भोज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 29 मार्च से डीजी यानी डिजिटल यात्रा की सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी। इसी के साथ नया अराइवल और डिपार्चर एरिया भी यात्रियों के लिए खोला जा रहा है।
रविवार यानि 29 मार्च से ही भोपाल एयरपोर्ट पर समर शेड्यूल शुरू हो रहा है। नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू वर्चुअल माध्यम से सुविधाओं का लोकार्पण करेंगे।
एयरपोर्ट डायरेक्टर रामजी अवस्थी ने बताया,भोपाल एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुविधा के लिए नया डोमेस्टिक अराइवल हॉल बनकर तैयार हो चुका है। यहां यात्रियों को आगमन के समय सभी प्रकार की सुविधा मिलेंगी। इसके अलावा एयरपोर्ट पर नया फायर स्टेशन भी बनकर तैयार है, ताकि आपात स्थिति में निपटा जा सके। डायरेक्टर रामजी अवस्थी के अनुसार भोपाल एयरपोर्ट पर यात्रियों को अब डिजी यात्रा उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें पेपरलेस वर्किंग पर टिकट एवं बोर्डिंग सुविधा उपलब्ध होगी।
एयरपोर्ट पर समर शेड्यूल भी शुरु हो रहा है। इसमें नवनिर्मित नवी मुंबई एयरपोर्ट के लिए कनेक्टविटी मिलने से मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन जाने वाले यात्रियों को अब छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट नहीं जाना होगा। शेड्यूल में दिल्ली के लिए एक अतिरिक्त उड़ान भी जोड़ी गई है। इससे प्रदेश की राजधानी का देश की राजधानी से हवाई संपर्क और मजबूत होगा।
एयरपोर्ट का नया अराइवल हॉल 3800 वर्गमीटर का
भोपाल एयरपोर्ट का नया अराइवल हॉल 3800 वर्गमीटर का है। इसके निर्माण पर करीब 23 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। नए अराइवल हॉल से एयरपोर्ट की यात्री क्षमता बढ़ेगी। अब यहां एक बार में 3 हजार यात्रियों को मैनेज किया जा सकेगा। सुविधाओं के विस्तार के क्रम में यात्रियों को बैगेज का लंबा इंतजार खत्म कराया जा रहा है। एयरपोर्ट डायरेक्टर रामजी अवस्थी के अनुसार एयरपोर्ट पर चेक-इन काउंटरों की संख्या भी बढ़ाकर 30 कर दी गई है। पहले यहां मात्र 16 चेक-इन काउंटर थे। एयरपोर्ट पर आधुनिक कन्वेयर बेल्ट जोन के साथ लिफ्ट और एस्केलेटर की सुविधा भी दी गई है।


