फलोदी। जोधपुर के पास फलोदी जिले में शनिवार एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सबको झकझोर दिया। तेज रफ्तार से दौड़ रही थार गाड़ी टायर फटने के बाद अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी में सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल अवस्था में बच गया।
तेज गति में थी गाड़ी
यह हादसा मतोड़ा थाना क्षेत्र के पड़ासला इलाके में भारतमाला एक्सप्रेसवे पर दोपहर करीब 12 बजे हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गुजरात नंबर की थार गाड़ी हाईवे पर तेज गति से चल रही थी। इसी दौरान अचानक एक टायर फट गया, जिससे चालक संतुलन खो बैठा। नियंत्रण बिगड़ते ही गाड़ी सीधे डिवाइडर की लोहे की रेलिंग से टकरा गई और दोनों ओर की रेलिंग के बीच जाकर पलट गई।
एक युवक गाड़ी में फंसा
टक्कर की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि गाड़ी में बैठे दो युवक उछलकर बाहर जा गिरे। दोनों करीब चालीस फीट दूर जाकर गिरे। बताया जा रहा है कि इनमें से एक युवक सनरूफ के रास्ते बाहर निकलकर सड़क पर गिरा। गंभीर चोटों के कारण दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं तीसरा युवक गाड़ी के अंदर ही फंसा रह गया, जिससे उसकी जान बच गई, हालांकि उसे भी चोटें आई हैं।
हादसे के बाद वहां से गुजर रहे वाहन चालकों और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। उन्होंने गाड़ी में फंसे युवक को बाहर निकाला और उसे ओसियां के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। बाद में वह कहां गया, इसकी जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना की सूचना मिलते ही भारतमाला एक्सप्रेसवे की एंबुलेंस मौके पर पहुंची। दोनों मृतकों के शवों को ओसियां अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। घटनास्थल ओसियां और पड़ासला के बीच स्थित है, जो मतोड़ा थाना क्षेत्र में आता है।
यह वीडियो भी देखें
क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन हटाया
पुलिस अब मृतकों की पहचान करने में जुटी है। गाड़ी और मृतकों के कपड़ों में कोई पहचान संबंधी दस्तावेज तलाशे जा रहे हैं। साथ ही वाहन के नंबर के आधार पर भी परिजनों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। हादसे में थार गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। टक्कर के कारण डिवाइडर की लोहे की रेलिंग भी बुरी तरह टूट गई और मुड़ गई।
वाहन के पुर्जे और टायर हाईवे पर दूर-दूर तक बिखर गए। मतोड़ा थानाधिकारी अमानाराम ने बताया कि हादसा पड़ासला के पास हुआ है और दोनों शवों को ओसियां अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को हटाने और यातायात सुचारु करने में जुटी हुई है।


