नरसिंहपुर जिले के करेली थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम सड़क हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई। पीरा तिराहे के पास एक बाइक और हार्वेस्टर की टक्कर में यह घटना हुई। जानकारी के अनुसार, करेली से अपने घर लौट रहे तीन मजदूर बाइक पर सवार थे। इसी दौरान उनकी बाइक एक हार्वेस्टर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक युवक आनंदी रजक की मौके पर ही मौत हो गई। इलाज के दौरान दूसरे ने भी तोड़ा दम घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत करेली के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से गंभीर रूप से घायल प्रसन्न नामदेव को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने प्रसन्न नामदेव को भी मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हार्वेस्टर को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।


